IMD Rain Alert: उत्तर भारत में मौसम का मिजाज लगातार बदलता हुआ नजर आ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ अब धीरे-धीरे उत्तर भारत के करीब पहुंच रहा है, जिसके प्रभाव से मैदानी इलाकों में गर्मी के साथ उमस भी बढ़ती जा रही है। दिन के समय तेज धूप और लू जैसे हालात बने हुए हैं, लेकिन दोपहर बाद कई इलाकों में स्थानीय स्तर पर बादल विकसित होकर राहत की बारिश भी दे रहे हैं।
इन राज्यों में बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी जिलों, बुंदेलखंड क्षेत्र, दक्षिणी हरियाणा, उत्तर पूर्वी राजस्थान तथा पूर्वी मध्य प्रदेश में बिखरी हुई हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। कुछ जगहों पर तेज गरज चमक के साथ अच्छी बारिश, धूल भरी आंधी तथा ओलावृष्टि की संभावना भी बनी हुई है। वाराणसी, मिर्जापुर, प्रयागराज, सोनभद्र, चित्रकूट, बांदा, झांसी, रीवा, सीधी, सतना एवं शहडोल संभाग के जिलों में मौसम तेजी से बदल सकता है।
मौसम विभाग ने बताया कि इन इलाकों में देर दोपहर और शाम के समय तेज बादल विकसित होने की संभावना रहेगी। कई जगह 40 से 60kmph की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर अचानक तेज बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी।
Also read: Petrol-Diesel Price : क्रूड के दाम में फिर आई तेजी, जाने पेट्रोल- डीजल का आज का नया रेट
कैसा रहेगा दिल्ली NCR का मौसम?
जबकि पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी हरियाणा, दिल्ली NCR, पश्चिमी राजस्थान तथा दक्षिण राजस्थान में मौसम अधिकतर साफ और बेहद गर्म बना रहेगा। इन क्षेत्रों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है और दोपहर के समय लू जैसे हालात बने रहेंगे। हालांकि देर शाम कुछ स्थानों पर हल्के बादल और कहीं कहीं बूंदाबांदी से मामूली राहत मिल सकती है।
पहाड़ी राज्यों का हाल
पहाड़ी राज्यों की बात करें तो जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखंड के निचले इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम मुख्यतः साफ और गर्म बना रहेगा। लेकिन मध्यम ऊंचाई तथा ऊपरी पर्वतीय क्षेत्रों में बादल बनने के साथ बिखरी हुई हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर गरज चमक की गतिविधियां संभव हैं।
कब बदलेगा मौसम?
11 जून से उत्तर भारत के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। WD के अधिक सक्रिय होने और नमी बढ़ने के कारण उत्तर और मध्य भारत के बड़े हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कई इलाकों में तेज तूफानी हवाओं, आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना भी बनी हुई है। इससे लंबे समय से जारी भीषण गर्मी में राहत मिलने की उम्मीद है।