Search KhabarFast

Press ESC to close

Uttarakhand News: CM धामी ने उत्तरांचल प्रेस क्लब के दीपावली महोत्सव में किया शुभारंभ, पत्रकारों के लिए 2 अहम घोषणाएं भी की

Uttarakhand News: CM धामी ने उत्तरांचल प्रेस क्लब के दीपावली महोत्सव में किया शुभारंभ, पत्रकारों के लिए 2 अहम घोषणाएं भी की

CM Dhami: उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित दीपावली महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री खजान दास व प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने संयुक्त रूप से दीप प्रजवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी पत्रकारों एवं प्रेस क्लब के सदस्यों को दीपावली की अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकाश पर्व दीपावली सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए, यही उनकी कामना है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के हित में दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तहसील, जिला एवं राज्य स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही पत्रकार पेंशन की राशि में भी वृद्धि की जाएगी।  

मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ होने के साथ ही समाज और सरकार के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। पत्रकार न केवल आम जनता को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी देते हैं, बल्कि जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को भी सरकार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में पत्रकारों की सक्रिय और रचनात्मक भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण है। इससे सरकार और प्रशासन को यह समझने में सहायता मिलती है कि विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों का धरातल पर क्या प्रभाव पड़ रहा है। पत्रकारों से मिलने वाले सुझाव और फीडबैक शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने में सहायक होते हैं। उन्होंने देवर्षि नारद की संवाद परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि पत्रकार अपने दायित्वों का समर्पण और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में सूचना और संचार के माध्यमों में तेजी से बदलाव आया है। डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया और नई तकनीकों ने पत्रकारिता के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं पैदा की हैं। वहीं फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं का प्रसार भी एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है। ऐसे में तथ्यों की पुष्टि कर सही, सटीक और निष्पक्ष जानकारी जनता तक पहुंचाने में पत्रकारों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। विश्वसनीय पत्रकारिता समाज को भ्रमित होने से बचाने के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों को भी मजबूती प्रदान करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों की समस्याओं और उनके हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक सहायता और आवासीय सुविधाओं के लिए विभिन्न स्तरों पर कदम उठाए गए हैं। मान्यता प्राप्त पत्रकारों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ ही वरिष्ठ पत्रकारों के सम्मान और उनके सामाजिक सुरक्षा संबंधी हितों का भी ध्यान रखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पत्रकार पेंशन में पूर्व में भी वृद्धि की गई है। इसके अतिरिक्त पत्रकार कल्याण कोष की धनराशि 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि पत्रकारों को अपने दायित्वों के निर्वहन में आवश्यक सुविधाएं और सहयोग उपलब्ध हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को जनसंचार के क्षेत्र में भी एक मजबूत पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मीडिया सेंटरों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने और प्रेस क्लबों को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के कल्याण और उनकी व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए सरकार आगे भी सकारात्मक कदम उठाती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने में पत्रकारों के सुझाव और रचनात्मक सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े विषयों पर पत्रकारों का सहयोग आगे भी इसी प्रकार मिलता रहेगा।

इससे पूर्व प्रेस क्लब के अस्थाई भवन में अति विशिष्ट अतिथि कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा व कार्यकारिणी सदस्यों व सदस्यों द्वारा क्लब के अस्थाई कार्यालय में विधि विधान से हवन किया गया। कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का मजबूत आधार है। पत्रकार समाज की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की लेखनी समाज को नई दिशा देने का कार्य करती है और एक जिम्मेदार पत्रकार की भूमिका किसी भी स्वस्थ लोकतंत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं के समाधान, उनकी सामाजिक सुरक्षा और सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार भविष्य में भी सकारात्मक प्रयास करती रहेगी। उन्होंने उत्तरांचल प्रेस क्लब के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को दीपावली महोत्सव के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं।

विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की आवाज और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का महत्वपूर्ण दायित्व भी है। पत्रकार विपरीत परिस्थितियों में भी जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं और सरकार को उसकी जिम्मेदारियों का एहसास कराते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की निष्पक्षता, निर्भीकता और विश्वसनीयता ही पत्रकारिता की सबसे बड़ी ताकत है। पत्रकारों के हितों की रक्षा करना और उन्हें सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक प्रीतम सिंह सहित सभी अतिथियों एवं पत्रकार साथियों का स्वागत और आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तरांचल प्रेस क्लब का दीपावली महोत्सव केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि पत्रकार परिवार की एकजुटता, आपसी सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है। मुख्यमंत्री जी का पत्रकारों के बीच पहुंचना और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनना हमारे लिए गौरव की बात है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा तहसील, जिला एवं प्रदेश स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाने तथा पत्रकार पेंशन में वृद्धि की घोषणा करना प्रदेश के पत्रकारों के लिए दीपावली का विशेष उपहार है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का समस्त पत्रकार समुदाय की ओर से आभार व्यक्त किया। राणा ने कहा कि उत्तरांचल प्रेस क्लब सदैव पत्रकारों के सम्मान, अधिकारों, सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। क्लब का प्रयास है कि वरिष्ठ पत्रकारों के अनुभव और युवा पत्रकारों की ऊर्जा को साथ लेकर पत्रकारिता के मूल्यों को मजबूत किया जाए। अंत में क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने दीपावली महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाली प्रेस क्लब की कार्यकारिणी, सभी सदस्यों, सहयोगियों एवं उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब महामंत्री योगेश सेमवाल ने किया। इस अवसर पर महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, राज्य मंत्री प्रताप सिंह पंवार, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी, उत्तरांचल प्रेस क्लब के कार्यकारिणी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह नेगी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सोबन सिंह गुसाईं, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, संयुक्त मंत्री मीना नेगी, शिवेश शर्मा, सम्प्रेक्षक विजय जोशी, कार्यकारिणी सदस्य मनमोहन लखेड़ा, रश्मि खत्री, वीरेन्द्र डंगवाल ‘पार्थ’, सुलोचना पयाल, हरीश थपलियाल, मनबर सिंह रावत, हिमांशु जोशी, भूपेन्द्र सिंह कण्डारी, सुरेन्द्र सिंह डसीला सहित बड़ी संख्या में पत्रकारगण उपस्थित थे।      

Also read: Uttarakhand News: कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन, जॉर्ज एवरेस्ट की लीज रद्द की मांग की, धामी सरकार पर लगाए आरोप

Leave Your Comments



संबंधित समाचार

प्रयागराज-रायबरेली रूट पर बड़ी खुशखबरी, डबल लाइन पर शुरू हुआ काम, तीन फाटकों पर बनेंगे ओवरब्रिज

Prayagraj Raebareli double line: प्रयागराज से लखनऊ और रायबरेली की ओर रोजाना सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। फाफामऊ से रायबरेली रेलखंड के दोहरीकरण का काम अब जमीन पर तेज हो गया है। सर्वे का काम पूरा होने के बाद अब रेलवे ने ट्रैक के लिए अर्थ फिलिंग और नई स्टेशन बिल्डिंग का निर्माण शुरू कर दिया है।

Uttarakhand News: कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन, जॉर्ज एवरेस्ट की लीज रद्द की मांग की, धामी सरकार पर लगाए आरोप

Uttarakhand News: उत्तराखंड की कांग्रेस कमेटी के 13 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने आज 05 नवंबर 2026 गुरूवार को राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन प्रेषित करते हुए धामी सरकार पर राज्य की बेशकीमती जमीनों को औने-पौने दामों पर बेचने का आरोप लगाते हुए सरकार के निर्णयों को निरस्त करने की मांग की। राज्यपाल को सौंपे ज्ञापन में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को सौंपे ज्ञापन में कहा कि संविधान के अनुच्छेद 154 के अनुसार राज्य की कार्यपालिका शक्ति आपमें निहित है और अनुच्छेद 166 के अनुसार राज्य सरकार की समस्त कार्यवाही आपके नाम से होती है।

लाइव अपडेट

बड़ी खबरें

Khabar Fast