Agnipath Yojana: केंद्र सरकार अग्निवीर योजना में बड़े बदलाव की तैयारी में है। सरकार की ओर से इसे अग्निवीरों के लिए दिवाली गिफ्ट बताया जा रहा है। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने अग्निवीरों के भविष्य को लेकर बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि अब सभी अग्निवीरों को 4 साल की सेवा पूरी होने के बाद 2 साल का अतिरिक्त एक्सटेंशन देने पर विचार किया जा रहा है। इस दौरान वे सेना, नौसेना और वायुसेना में अपनी सेवाएं जारी रख सकेंगे। सबसे बड़ी बात यह है कि सरकार इस 2 साल की अतिरिक्त सेवा के दौरान अग्निवीरों को शादी करने की अनुमति देने पर भी विचार कर रही है। अभी तक अग्निवीरों को 4 साल की ट्रेनिंग पीरियड के दौरान शादी की इजाजत नहीं है।
विन-विन सॉल्यूशन है ये योजना
रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने अग्निवीर योजना को सेना और अग्निवीरों दोनों के लिए 'विन-विन सॉल्यूशन' बताया। उन्होंने कहा कि योजना की शुरुआत में ही तय किया गया था कि चार साल बाद इसका दोबारा आकलन किया जाएगा।समीक्षा के दौरान अग्निवीरों का प्रदर्शन काफी अच्छा पाया गया है। विभिन्न सैन्य अभियानों में भी उनका प्रदर्शन सकारात्मक रहा है। इसी आधार पर उन्हें 2 साल का अतिरिक्त सेवा कार्यकाल देने का विचार सामने आया है।
स्थायी नौकरी का भी मिलेगा मौका
राजेश कुमार सिंह के मुताबिक, 2 साल का एक्सटेंशन पूरा होने के बाद जो अग्निवीर स्थायी सेवा में शामिल होने के इच्छुक होंगे और निर्धारित पात्रता तथा ऑपरेशनल मानकों को पूरा करेंगे, उन्हें नियमित सेना में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा।यानी 6 साल की सेवा के बाद भी अग्निवीर अपनी योग्यता और प्रदर्शन के आधार पर नियमित सैन्य सेवा में आ सकेंगे। इससे उन्हें अपनी क्षमता साबित करने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा, वहीं सेना को भी बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षित जवानों को बनाए रखने का अवसर मिलेगा।
Also read: Delhi News: चावड़ी बाजार बिल्डिंग ढहने से 2 लोगों की दर्दनाक मौत, CM रेखा गुप्ता ने AE-JE को सस्पेंड और ठेकेदार के खिलाफ FIR के दिए आदेश
सीडीएस ने भी किया था ऐलान
बता दें कि बुधवार को ही CDS जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने भी अग्निपथ योजना में बदलाव की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि जिन अग्निवीरों का 4 साल का कार्यकाल पूरा हो रहा है, उन्हें 2 साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार दिया जाएगा। इसके बाद पात्रता मानदंडों को पूरा करने वाले अग्निवीरों को स्थायी भर्ती की पेशकश की जाएगी।