Bittu Karnataka: उत्तराखंड के अल्मोड़ा-राजकीय मेडिकल कॉलेज में लंबे समय से खराब पड़ी सिटी स्कैन मशीन के कारण मरीजों को हो रही परेशानियों का भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक ने संज्ञान लिया है। मरीजों को जांच के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े और गंभीर मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की बाधा न आए इसके लिए बिट्टू कर्नाटक शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज पहुंचे और सिटी स्कैन मशीन का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य से दूरभाष पर विस्तृत वार्ता कर मशीन की खराबी एवं उसे ठीक कराने के लिए की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं तकनीकी कर्मियों से भी संपर्क कर मशीन को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने की दिशा में तत्काल व्यवस्था बनाने को कहा। उनके हस्तक्षेप के बाद मशीन को जल्द ठीक कराने की प्रक्रिया तेज की गई है। जानकारी के अनुसार शनिवार तक सिटी स्कैन मशीन के ठीक होने की संभावना है।
गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल भेजा जा रहा है
बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि मशीन के ठीक होने तक गंभीर मरीजों को सिटी स्कैन जांच के लिए परेशान न होना पड़े इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल भेजने की व्यवस्था कराई गई है। इससे जरूरतमंद मरीजों की जांच समय पर हो सकेगी और उनकी चिकित्सा प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं होगा। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में सिटी स्कैन जैसी महत्वपूर्ण जांच सुविधा का लंबे समय तक बाधित रहना गंभीर विषय है। पहाड़ के दूरदराज क्षेत्रों से मरीज उपचार की उम्मीद लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचते हैं। ऐसे में उन्हें जांच के लिए अन्यत्र भेजना उनके लिए आर्थिक एवं मानसिक रूप से परेशानी का कारण बनता है। इसलिए मशीन को जल्द से जल्द ठीक कराया जाना आवश्यक है।
Also read: Uttrakhand News:धामी कैबिनेट की बैठक में 10 प्रस्तावों पर लगी मुहर, पदक विजेता खिलाड़ियों को 245 पदों पर मिलेगी नियुक्ति
भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि मरीजों को किसी भी स्थिति में परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में छोटी से छोटी तकनीकी खराबी का सीधा असर मरीज और उनके परिजनों पर पड़ता है। ऐसे में समस्या सामने आते ही उसका तत्काल समाधान होना चाहिए। भाजपा नेता ने कहा मरीजों को उचित स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना संबंधित विभाग की प्राथमिकता है। किसी तकनीकी खराबी के कारण मरीजों को जांच के लिए भटकना पड़े, यह उचित नहीं है। मशीन के ठीक होने तक गंभीर मरीजों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है और संबंधितों से लगातार समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि शनिवार तक मशीन सुचारू रूप से संचालित हो जाए।
स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल अल्मोड़ा सहित पूरे पर्वतीय क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र हैं। इन संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ मरीजों को समय पर मिले, यह सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि वह मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर लगातार संपर्क में रहेंगे तथा मरीजों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
इलाज के लिए अस्पताल आने वाले किसी भी मरीज को जांच अथवा उपचार के लिए अनावश्यक परेशानी न हो, यही हमारी प्राथमिकता है। जरूरत पड़ने पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कराई जाएगी और स्थायी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से समन्वय किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज में सिटी स्कैन मशीन को लेकर हुई इस पहल से फिलहाल गंभीर मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं शनिवार तक मशीन के दुरुस्त होने पर अस्पताल में सिटी स्कैन की सुविधा दोबारा नियमित रूप से उपलब्ध होने की संभावना है।