अर्जुन को ललकारने वाले कर्ण ने कैंसर से हारी जंग, ‘महाभारत’ एक्टर पंकज धीर का 68 साल की उम्र में निधन

अर्जुन को ललकारने वाले कर्ण ने कैंसर से हारी जंग, ‘महाभारत’ एक्टर पंकज धीर का 68 साल की उम्र में निधन

Pankaj Dheer: "मेरी माता मुझे त्याग सकती है, किंतु मैं दुर्योधन को नहीं त्याग सकता..." यह शब्द महाभारत के कर्ण के हैं, जो अब हमारे बीच मौजूद नहीं हैं, लेकिन उनके किरदार को हमारे दिलों में ज़िंदा रखने वाले एक्टर पंकज धीर ने भी दुनिया को 68साल की उम्र में अलविदा कह दिया। दरअसल, उन्होंने अपने दौर के प्रसिद्ध बी.आर. चोपड़ा की 'महाभारत' में कर्ण की भूमिका निभाई थी।स्थानीय मीडिया से बातचीत के दौरान पंकज धीर के करीबी दोस्त बहल ने उनकी मौत की खबर की पुष्टि की।

सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, पंकज कैंसर के मरीज थे। हालांकि इस गंभीर बीमारी के खिलाफ उन्होंने एक बार जंग जीत ली थी, लेकिन पिछले कुछ महीनों में कैंसर के लक्षण दोबारा उभरने लगे थे। इसके चलते उनकी हालत काफी नाजुक हो गई थी। बीमारी के दौरान वह एक बड़ी सर्जरी से भी गुजरे थे। अंततः पंकज यह जंग हार गए। जैसे ही सोशल मीडिया पर पंकज के निधन की खबर फैली, वैसे ही पूरी टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। पंकज के फैंस बेहद निराश हैं। फैंस और सेलेब्स, सभी उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

पंकज के निधन पर सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) ने भी शोक जताया है। मंगलवार को जारी एक बयान में CINTAA ने कहा कि एक्टर का निधन 15 अक्टूबर को हुआ। पंकज का अंतिम संस्कार मुंबई के विले पार्ले श्मशान घाट में शाम 4:30 बजे किया जाएगा। बता दें कि पंकज CINTAA के पूर्व जनरल सेक्रेटरी भी रह चुके हैं।

महाभारत में कर्ण बनकर छाए पंकज धीर

पंकज धीर ने टेलीविज़न और फिल्मों में कई बेहतरीन किरदार निभाए, लेकिन उन्हें असली पहचान 1988 में प्रसारित बी.आर. चोपड़ा की 'महाभारत' से मिली, जिसमें उन्होंने कर्ण की भूमिका निभाई थी। उन्होंने इस किरदार को इतनी संजीदगी और भावनात्मक गहराई से निभाया कि आज भी उन्हें कर्ण के रूप में याद किया जाता है। एक इंटरव्यू में पंकज ने बताया था कि उन्होंने शुरुआत में अर्जुन की भूमिका के लिए ऑडिशन दिया था और उनका ऑडिशन भी काफी अच्छा गया था। उन्होंने कॉन्ट्रैक्ट तक साइन कर लिया था, लेकिन जब मेकर्स ने बृहन्नला के सीन के लिए मूंछें हटाने की बात कही, तो उन्होंने साफ मना कर दिया। इसी वजह से अर्जुन का रोल फिरोज खान को मिल गया। इसके बाद पंकज ने 'चंद्रकांता', 'द ग्रेट मराठा' जैसे शोज और 'सोल्जर', 'बादशाह', 'सड़क' जैसी फिल्मों में भी अहम भूमिकाएं निभाईं।

अभिनय की विरासत को आगे बढ़ा रहे निकितन धीर

पंकज धीर की निजी ज़िंदगी की बात करें तो उनका परिवार भी अभिनय से जुड़ा है। उनकी पत्नी अनीता धीर खुद एक अभिनेत्री हैं, और उनके बेटे निकितन धीर ने भी एक्टिंग में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। निकितन को फिल्म 'चेन्नई एक्सप्रेस' में विलेन थंगाबली के रोल से जबरदस्त फेम मिला। उन्होंने भी अपने पिता की तरह पौराणिक धारावाहिकों में काम किया है और 'श्रीमद रामायण' में रावण की भूमिका निभाकर दर्शकों से खूब तारीफें बटोरी हैं। निकितन की पत्नी कृतिका सेंगर भी टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। हालांकि शादी के बाद वह स्क्रीन पर कम नजर आती हैं, लेकिन उनका अभिनय भी दर्शकों को याद है।

Leave a comment