Delhi Police on Offensive-Defamatory Content: दिल्ली पुलिस ने आज 29 जुलाई बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स को पत्र लिखकर शिकायत दर्ज कराई है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि प्लेटफॉर्म पर संवैधानिक प्रमुखों को निशाना बनाकर अपमानजनक, दुर्भावनापूर्ण और मानहानिकारक सामग्री प्रसारित की जा रही है। इसलिए पुलिस विभाग ने एक्स से प्लेटफॉर्म से कथित पोस्ट/वीडियो को तुरंत हटाने और उस एक्स अकाउंट के धारक का पूरा नाम, पता, संपर्क विवरण और ईमेल आईडी सहित पंजीकरण विवरण प्रदान करने को कहा है, जिससे सामग्री पोस्ट की गई थी।
इसके अलावा पुलिस ने अकाउंट के लॉगिन और लॉगआउट जानकारी, समय और तारीख के साथ-साथ जांच में सहायक कोई भी अन्य प्रासंगिक जानकारी भी मांगी है। प्लेटफॉर्म से भविष्य की जांच के लिए कथित पोस्ट/वीडियो से संबंधित विवरण सुरक्षित रखने और भारतीय सुरक्षा अधिनियम (BSA) की धारा 63(4) के तहत प्रमाण पत्र प्रदान करने का भी अनुरोध किया गया है।
Also read: सरकार देगी 15 हजार रुपये...अनजान कॉलर के कहने पर महिलाओं ने मुंडवा लिया अपना सिर, चौंका देगा ये मामला
क्यों लिया जा रहा ये एक्शन?
बता दें, इससे पहले, 27 जुलाई को दिल्ली पुलिस ने कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों को निर्देश दिया था कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियों वाले पोस्ट और वीडियो हटा दें। दरअसल, ये सभी पोस्ट जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शनों और 20 जुलाई के 'संसद चलो' मार्च से जुड़ी हिंसा के दौरान अपलोड किए गए थे। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस की सोशल मीडिया निगरानी टीम इस तरह की सामग्री की पहचान करने के लिए लगातार ऑनलाइन प्लेटफॉर्मों की जांच कर रही है। आपत्तिजनक पोस्ट मिलने पर संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों को नोटिस जारी कर सामग्री हटाने का निर्देश दिया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा वाले कई भद्दे कमेंट और वीडियो पुलिस द्वारा जारी नोटिस के बाद हटा दिए गए हैं। निगरानी जारी है और साइबर और सोशल मीडिया टीमें प्रदर्शनों से संबंधित ऑनलाइन गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रही हैं ताकि अतिरिक्त आपत्तिजनक पोस्ट की पहचान की जा सके और नियमों का उल्लंघन करने वाली सामग्री के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।