Bhavnagar Road Accident: गुजरात के भावनगर जिले में आज 06 अक्टूबर 2026 मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। यहां एक खड़े ट्रेलर के पिछले हिस्से में तेज रफ्तार बोलेरो जा घुसी। इस भयानक हादसे में करीब 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। तो वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। जिसके बाद गाड़ी के अंदर फंसे शवों को निकाला और अस्पताल भेजा गया।
कहां-कैसे हुआ ये हादसा?
जानकारी के अनुसार, यह हादसा भावनगर-सोमनाथ हाईवे की सर्विस रोड पर तलाजा तालुका के त्रापज गांव के पास हुआ, जहां ट्रेलर खड़ा था। लेकिन तभी अचानक पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी। ये हादसा इतना जोरदार हुआ कि मौके पर ही 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 1 ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा। इस मामले में पुलिस अधीक्षक नितेश पांडे ने बताया कि यह हादसा अलंग पुलिस स्टेशन क्षेत्र में सुबह करीब 10 बजे हुआ। सूचना मिलते ही उनकी टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और गाड़ी में सवार सभी लोगों को बाहर निकाला और उन्हें फौरन अस्पताल भेजा गया।
Also read: Kal Ka Mausam 07 October: बारिश का मंजर अभी भी जारी, दिल्ली-UP समेत 21 राज्यों के लिए अलर्ट; IMD ने बताया कैसा रहेगा कल का मौसम
पुलिस ने आगे बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि खड़ा ट्रेलर आगे खिसक गया, जिस वजह से बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि टक्कर की वजह से गाड़ी के दरवाजे खुलने में काफी दिक्कत हो रही है, जिसके चलते सभी लोगों को बाहर निकालने के लिए लोहे की छड़ी से गाड़ी का दरवाजा खोला गया। फिलहाल, पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिशों में जुटी हुई है।