Nishant Kumar Sadbhav Yatra: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और जेडीयू निशांत कुमार ने आज पश्चिम चंपारण की धरती से अपनी पहली बड़ी जनसंपर्क यात्रा 'सद्भाव यात्रा' की शुरुआत कर दी। अपने पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए उन्होंने वाल्मीकिनगर-बगहा क्षेत्र से इस यात्रा को हरी झंडी दी, जो अगले तीन-चार महीनों तक राज्य के विभिन्न जिलों में चलेगी। इस खास मौके पर निशांत कुमार ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य पार्टी संगठन को मजबूत करना और विभिन्न समुदायों के लोगों से जुड़ना है।
निशांत कुमार की 'सद्भाव यात्रा' की शुरुआत
बता दें, निशांत कुमार ने यात्रा शुरू करने से पहले पटना में अपने पिता नीतीश कुमार से आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने जदयू प्रदेश कार्यालय पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद भी किया। उन्होंने अपना मकसद स्पष्ट करते हुए कहा कि यह यात्रा किसी बड़े भाषणबाजी या रैली का हिस्सा नहीं है। बल्कि यह यात्रा जमीन स्तर पर लोगों से सीधा संवाद करने का एक तरीका है, जिससे उनकी समस्याओं को सुनने का मौका मिलेगा।
Also read: बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार की कवायद तेज; BJP की तरफ से 7 नामों की चर्चा; नए चेहरों को भी मौका
उन्होंने आगे कहा 'हमने इसका नाम 'सद्भाव यात्रा' इसलिए रखा है क्योंकि इसका मतलब है सबको साथ लेकर चलना। समाज के हर वर्ग को जोड़ना, सामाजिक समरसता का संदेश देना और बिहार को आगे ले जाने के लिए पिता द्वारा किए गए विकास कार्यों को लोगों तक पहुंचाना ही इसका मुख्य लक्ष्य है।'
नीतीश कुमार के नक्शेकदम पर है उनके बेटे
यात्रा के पहले चरण में आज और कल निशांत कुमार चंपारण के विभिन्न इलाकों में जदयू कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद दूसरे चरण में वैशाली सहित अन्य जिलों का दौरा होगा। पूरी यात्रा में वे बिहार के सभी जिलों में पहुंचने का लक्ष्य रख रहे हैं, जहां पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ जनता के फीडबैक भी लेंगे। मालूम हो कि नीतीश कुमार ने अपनी कई राजनीतिक यात्राओं की शुरुआत पश्चिम चंपारण से की थी। अब उनके नक्शेकदम पर उनका बेटा भी इसी क्षेत्र से अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत कर रहा है।