Nathan Lyon: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट एक बार फिर 2018 के चर्चित 'सैंडपेपरगेट' विवाद को लेकर सुर्खियों में है। इस बार ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी स्पिनर नाथन लियोन का नाम सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लियोन ने कथित तौर पर अक्टूबर 2018 में पाकिस्तान के खिलाफ UAE में खेली गई टेस्ट सीरीज के दौरान गेंद की हालत बदलने के लिए मिंट (पुदीने की गोलियां) इस्तेमाल करने का सुझाव दिया था। यह खुलासा साउथ अफ्रीका में हुए बॉल टैंपरिंग विवाद के करीब छह महीने बाद का बताया जा रहा है।
'द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन' ने न्यूज कॉर्प की रिपोर्ट का हवाला देते हुए यह जानकारी दी है। रिपोर्ट के अनुसार, लियोन के इस सुझाव को ऑस्ट्रेलियाई ओपनर ट्रैविस हेड ने तुरंत खारिज कर दिया था। हालांकि, इस मामले में लियोन की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अक्टूबर 2018 में पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट के दौरान ऑस्ट्रेलियाई टीम के एक खिलाड़ी ने गेंद की स्थिति बदलने के लिए मिंट मंगाने का सुझाव दिया था। इस घटना का खुलासा पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने 'द ग्रेड क्रिकेटर' पॉडकास्ट में किया था।
ख्वाजा ने उस समय खिलाड़ी का नाम नहीं बताया था, लेकिन इतना जरूर कहा था कि संबंधित खिलाड़ी साउथ अफ्रीका में हुए बॉल टैंपरिंग विवाद का भी हिस्सा था। अब न्यूज कॉर्प की रिपोर्ट में नाथन लियोन का नाम सामने आने का दावा किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, लियोन के सुझाव पर उस समय कप्तान टिम पेन और कोच जस्टिन लैंगर ने नाराजगी जताई थी। वहीं, ट्रैविस हेड ने इस विचार को तुरंत खारिज कर दिया था।
2018 में कैसे सामने आया था सैंडपेपरगेट विवाद?
साल 2018 में ऑस्ट्रेलिया की टीम साउथ अफ्रीका दौरे पर थी। केपटाउन टेस्ट के दौरान कैमरन बैनक्रॉफ्ट को गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल करते हुए कैमरे में कैद किया गया था। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में बड़ा विवाद खड़ा हो गया था।
इस मामले में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर पर एक-एक साल का प्रतिबंध लगाया था, जबकि कैमरन बैनक्रॉफ्ट को नौ महीने के लिए निलंबित किया गया था। स्मिथ और वॉर्नर पर नेतृत्व से जुड़े प्रतिबंध भी लगाए गए थे। विवाद के बाद तत्कालीन कोच डैरेन लेहमैन ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
इसके बाद टिम पेन को टीम की कप्तानी और जस्टिन लैंगर को कोचिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
उस्मान ख्वाजा ने अपनी किताब में किए थे कई बड़े दावे
इस विवाद को लेकर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा 'सब्र' में भी कई चौंकाने वाले दावे किए थे। उन्होंने कहा था कि 2018 के साउथ अफ्रीका दौरे पर गेंद से छेड़छाड़ की घटना की जिम्मेदारी सिर्फ स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट तक सीमित नहीं थी, बल्कि टीम के दूसरे खिलाड़ियों को भी इसकी जानकारी थी।
ख्वाजा ने अपनी किताब में यह भी दावा किया था कि साउथ अफ्रीका में एक अन्य टेस्ट और 2017-18 की एशेज सीरीज के दौरान भी गेंद की स्थिति से छेड़छाड़ की गई थी। उन्होंने टीम के सामूहिक व्यवहार और उस दौर की जीत की मानसिकता पर भी सवाल उठाए थे।
पैट कमिंस ने ख्वाजा के दावों को किया था खारिज
ख्वाजा के खुलासों के बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उनके आरोपों को खारिज किया था। कमिंस ने गेंद से छेड़छाड़ की योजना में पूरी टीम और विशेष रूप से गेंदबाजों की जानकारी होने के दावे को गलत बताया था।
वहीं, कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने 'द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन' में लिखे अपने लेख में ख्वाजा के दावों का समर्थन किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि टीम के कई खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी थी और इस तरीके को बढ़ावा भी दिया गया था।
इस पूरे विवाद के बीच अब नाथन लियोन का नाम सामने आने से ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में पुराना मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। हालांकि, पाकिस्तान दौरे पर मिंट्स इस्तेमाल करने के सुझाव को लेकर सामने आए दावे अभी मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित हैं। लियोन के मैनेजर से इस मामले पर प्रतिक्रिया मांगी गई है।