Search KhabarFast

Press ESC to close

IPL 2027 Auction: 939 भारतीय और 281 विदेशी खिलाड़ी रेस में, 66 स्लॉट के लिए होगी भिड़ंत

IPL 2027 Auction: 939 भारतीय और 281 विदेशी खिलाड़ी रेस में, 66 स्लॉट के लिए होगी भिड़ंत

IPL 2027 Auction: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 के प्लेयर ऑक्शन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। ऑक्शन रजिस्टर में कुल 1,220 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जिनमें 939 भारतीय और 281 विदेशी क्रिकेटर हैं। ये खिलाड़ी 17 देशों से हैं। IPL की मीडिया रिलीज के मुताबिक, 10 फ्रेंचाइजी ऑक्शन में अधिकतम 66 उपलब्ध स्लॉट भरेंगी। खिलाड़ियों की नीलामी 16 दिसंबर को गोवा में होगी।

ऑक्शन से पहले 10 फ्रेंचाइजी ने 55 विदेशी खिलाड़ियों समेत कुल 184 क्रिकेटरों को रिटेन या अपनी टीम में शामिल कर लिया है। अब बाकी खिलाड़ियों पर बोली लगाई जाएगी। सभी टीमों के पास मिलाकर कुल 295.60 करोड़ रुपये की शेष सैलरी कैप उपलब्ध है।

66 खाली स्लॉट में से 25 विदेशी खिलाड़ियों के लिए आरक्षित हैं। उपलब्ध स्लॉट के मामले में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के पास सबसे ज्यादा 9-9 जगह हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के पास 8, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद के पास 7-7 स्लॉट उपलब्ध हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स, पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के पास 6-6 स्लॉट हैं। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास 5 और गुजरात टाइटन्स के पास सबसे कम 3 स्लॉट बचे हैं।

KKR और SRH के पास भी बड़ा पर्स

उपलब्ध सैलरी कैप के मामले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) दूसरे स्थान पर है। KKR के पास 41.65 करोड़ रुपये उपलब्ध हैं। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के पास 40.15 करोड़ और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के पास 39.50 करोड़ रुपये का पर्स है।

दूसरी ओर, गुजरात टाइटन्स (GT) के पास सबसे कम 8.75 करोड़ रुपये बचे हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के पास 14.15 करोड़ रुपये उपलब्ध हैं। ऐसे में ऑक्शन में हर टीम अपने बचे हुए बजट और खाली स्लॉट के हिसाब से खिलाड़ियों पर दांव लगाएगी।

ऑक्शन रजिस्टर में 184 कैप्ड और 994 अनकैप्ड खिलाड़ी

ऑक्शन रजिस्टर में 184 कैप्ड खिलाड़ी, 994 अनकैप्ड खिलाड़ी और एसोसिएट देशों के 42 क्रिकेटर शामिल हैं। अनकैप्ड खिलाड़ियों में 925 भारतीय हैं। इनमें 127 ऐसे खिलाड़ी हैं, जो पिछले IPL सीजन में भी खेल चुके हैं।

विदेशी खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन में ऑस्ट्रेलिया 53 क्रिकेटरों के साथ सबसे आगे है। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के 40, वेस्टइंडीज के 36, न्यूजीलैंड के 25 और अफगानिस्तान के 23 खिलाड़ी शामिल हैं। श्रीलंका के 21, इंग्लैंड के 16 और बांग्लादेश के 12 क्रिकेटरों ने भी ऑक्शन के लिए पंजीकरण कराया है।

एसोसिएट देशों से 42 खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशन

एसोसिएट देशों में अमेरिका के सबसे ज्यादा 13 खिलाड़ियों ने ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और नेपाल के 10-10 खिलाड़ी इस सूची में शामिल हैं। आयरलैंड के 7, जिम्बाब्वे के 6 और नीदरलैंड्स के 3 खिलाड़ियों ने भी नाम दर्ज कराया है। कनाडा, जापान और स्कॉटलैंड के 2-2 खिलाड़ी रजिस्टर में शामिल हैं।

IPL 2027 के ऑक्शन रजिस्टर में शामिल खिलाड़ियों को छह श्रेणियों में बांटा गया है। वहीं, खिलाड़ियों के सेट और अंतिम ऑक्शन लिस्ट 4 दिसंबर को जारी की जाएगी। इसके बाद यह साफ होगा कि नीलामी में कौन-कौन से खिलाड़ी बोली के लिए उपलब्ध होंगे।

Leave Your Comments



संबंधित समाचार

Usman Khawaja: पैट कमिंस की प्रेस कॉन्फ्रेंस से निराश हुए उस्मान ख्वाजा, बोले- उनसे ऐसे बर्ताव की उम्मीद नहीं थी

Usman Khawaja: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने 2018 के बॉल-टैम्परिंग स्कैंडल को लेकर कप्तान पैट कमिंस के हालिया बयानों पर नाराजगी जाहिर की है। ख्वाजा ने कहा कि वह कमिंस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही गई बातों से निराश और हैरान थे। उन्हें उम्मीद नहीं थी कि कमिंस इस तरह व्यक्तिगत तौर पर उन पर निशाना साधेंगे। ख्वाजा ने यह भी कहा कि उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले कमिंस से बातचीत कर मामले का कोई बीच का रास्ता निकालने की कोशिश की थी।

Cricket News: युवराज का गुरुमंत्र आया काम! फोन पर 30 मिनट हुई बात, फिर वैभव ने रच दिया इतिहास

Cricket News: भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने UAE-A के खिलाफ राइजिंग स्टार्स एशिया कप में ऐसी पारी खेली, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। महज 15 साल की उम्र में इस युवा बल्लेबाज ने 53 गेंदों में 204 रन ठोककर कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। लेकिन उनकी इस ऐतिहासिक पारी के पीछे एक खास शख्स की सलाह भी रही। दरअसल, मैच से पहले वैभव ने अपने आदर्श और टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह से करीब आधे घंटे तक फोन पर बातचीत की थी। युवराज ने उन्हें बल्लेबाजी की तकनीक से जुड़ी अहम बातें समझाईं और क्रीज पर टिककर खेलने की सलाह दी। वैभव ने खुद माना कि युवराज की सलाह ने उनकी पारी में काफी मदद की।

लाइव अपडेट

बड़ी खबरें

Khabar Fast