Amit Shah on Rahul Gandhi: संविधान दिवस के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। दिल्ली में आयोजित एक सेमिनार में शाह ने कहा कि राहुल गांधी संविधान की बात तो करते हैं, लेकिन उसी संविधान और उससे बनी संस्थाओं का मजाक उड़ाते हैं।शाह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संसदीय बहस का विरोध करते हैं और चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ बयान देते हैं। उन्होंने राहुल पर विदेश दौरों के दौरान भारत को बदनाम करने का भी आरोप लगाया।
'नाच न आवे आंगन टेढ़ा'
शाह ने कहा, "राहुल जी हमेशा संविधान की बात करते हैं, फिर भी वह संविधान और संविधान से बनी संस्थाओं का मजाक उड़ाते हैं। वह खुलेआम कहते हैं कि हमें पार्लियामेंट में बहस नहीं चाहिए, हमें सड़कों पर बहस चाहिए। इलेक्शन कमीशन को बदनाम करना, वोटर लिस्ट को बदनाम करना और विदेश जाकर भारत को बदनाम करना, यही उनकी आदत बन गई है।"उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "राहुल जी की दिक्कत यह है कि वह 20 साल से लगातार चुनाव हार रहे हैं। उत्तर भारत में एक कहावत है - नाच न आवे आंगन टेढ़ा। हर तीसरे महीने आप छुट्टी मनाने विदेश चले जाते हैं।
इमरजेंसी की याद दिलाई
शाह ने इमरजेंसी का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा, "आप उसी पार्टी से हैं जिसने इमरजेंसी के दौरान 18 महीने तक संविधान की पूरी भावना को एक अंधेरी कोठरी में बंद कर दिया था। वो काला अध्याय आपकी ही पार्टी ने लिखा था, आपकी अपनी दादी ने लिखा था और आज आप संविधान की बात कर रहे हैं?
2047 का संकल्प
2047 में आजादी की 100वीं सालगिरह का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि देश का फोकस किसी नेता पर नहीं, बल्कि देश के विकास पर होना चाहिए।उन्होंने एक किस्सा सुनाते हुए कहा, "एक कांग्रेस नेता ने पार्लियामेंट में मुझसे पूछा - भाई, 2047 में मोदी जी कहां होंगे? मैंने जवाब दिया - आपका फोकस लोगों पर है, जबकि हमारा फोकस भारत माता पर है। भारत 2047 में जरूर होगा। ये संकल्प भारत को महान बनाने का है, किसी एक व्यक्ति को महान बनाने का नहीं।
Also read: संसद का एक दिन का विशेष सत्र बुलाया गया, 30 नवंबर को लोकसभा, 2 दिसंबर को राज्यसभा में होगी बैठक
शाह ने कहा
संविधान निर्माताओं ने दोहरी व्यवस्था दी थी - सत्ता जनता से मिलेगी और जनता के पास ही जाएगी, और जिन्हें सत्ता मिलेगी उन्हें संविधान के दायरे में रहकर ही शासन करना होगा।इस कार्यक्रम में अमित शाह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और अन्य लोगों ने मिलकर संविधान की प्रस्तावना पढ़ी। संविधान दिवस हर साल 26 नवंबर को मनाया जाता है। इसी दिन 1949 में संविधान सभा ने भारत के संविधान को अपनाया था।