Mohammed Shami Retirement: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। शुक्रवार, 6 नवंबर को उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश साझा कर अपने फैसले की जानकारी दी। खास बात यह है कि शमी ने 13 साल पहले 6 नवंबर 2013 को ही टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था। इसी खास दिन उन्होंने अपने टेस्ट करियर को अलविदा कह दिया। हालांकि, शमी वनडे, टी-20, आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में खेलना जारी रखेंगे।
शमी ने नवंबर 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी। डेब्यू मुकाबले में ही उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 5 विकेट हासिल किए थे। भारत ने यह मैच पारी और 51 रन से जीता था। शमी ने अपने टेस्ट करियर के आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2021-23 का फाइनल खेला था। उस मैच में उन्होंने दोनों पारियों में कुल 4 विकेट लिए थे। हालांकि, भारतीय टीम को 209 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
वीडियो संदेश में बयां किया 13 साल का सफर
संन्यास की घोषणा करते हुए शमी ने अपने वीडियो संदेश में माता-पिता, परिवार, दोस्तों, कोच, ट्रेनर, फिजियोथेरेपिस्ट और क्रिकेट फैंस का आभार जताया। उन्होंने बताया कि एक छोटे से गांव से निकलकर भारतीय टीम तक पहुंचने का सफर आसान नहीं था। इस दौरान उन्हें कई मुश्किलों, चोटों और उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ा, लेकिन देश के लिए खेलने का जुनून उन्हें हर बार मैदान पर वापस ले आया।
शमी ने अपनी टेस्ट कैप नंबर 279 और लाल गेंद दिखाते हुए कहा कि 6 नवंबर उनके लिए बेहद खास दिन है। इसी तारीख को 13 साल पहले उन्हें टेस्ट कैप मिली थी। उन्होंने कहा कि इस कैप और लाल गेंद ने उन्हें वह पहचान दी, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी।
व्हाइट-बॉल क्रिकेट में जारी रहेगा सफर
शमी ने साफ किया कि टेस्ट क्रिकेट से विदाई लेने के बावजूद उनका क्रिकेट सफर खत्म नहीं हुआ है। वह आईपीएल और घरेलू क्रिकेट सहित सीमित ओवरों के प्रारूप में खेलना जारी रखेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि फिटनेस बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर घरेलू क्रिकेट में हिस्सा लेते रहेंगे।
टेस्ट क्रिकेट को बताया जिंदगी का खास हिस्सा
अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में शमी ने टेस्ट क्रिकेट को सिर्फ एक खेल का प्रारूप नहीं, बल्कि अपनी जिंदगी का अहम हिस्सा बताया। उन्होंने लिखा कि भारत की सफेद जर्सी पहनना उनके लिए सपने के सच होने जैसा था। हर विकेट, चोट, संघर्ष और वापसी ने उन्हें कुछ नया सिखाया।
उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI), क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB), अपने साथियों और प्रशंसकों को भी धन्यवाद दिया। शमी ने भावुक संदेश में कहा कि भले ही उनकी आखिरी टेस्ट गेंद फेंकी जा चुकी है, लेकिन भारत के लिए खेलने का गर्व हमेशा उनके दिल में जिंदा रहेगा।
64 टेस्ट मैचों में झटके 229 विकेट
मोहम्मद शमी ने अपने टेस्ट करियर में भारत के लिए कुल 64 मुकाबले खेले। इस दौरान उन्होंने 122 पारियों में 27.71 की औसत से 229 विकेट अपने नाम किए। उनकी इकॉनमी 3.30 रही। टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 56 रन देकर 6 विकेट रहा। शमी ने अपने करियर में 12 बार एक पारी में चार विकेट और 6 बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया।