MP News: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक पति ने अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। इसके बाद खुद ट्रेन के सामने आकर मौत को गले लगा गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही इस घटना की जांच में जुट गई।
जानकारी के मुताबिक, माता बसैया थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या करने के बाद खुद ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान बलराम कुशवाहा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, उसने पहले घर में अपनी पत्नी और दोनों बच्चों पर कुल्हाड़ी से हमला किया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद वह घर से निकला और रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर ट्रेन के सामने कूद गया, जिससे उसकी भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही माता बसैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूरे गांव में इस घटना के बाद मातम और दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक इस वारदात के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।