UP News: उत्तर प्रदेश के यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास क्षेत्र में एक बार फिर बड़े निवेश की शुरुआत हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना सिटी के सेक्टर-10 में अंबर इंटरप्राइजेज और एसेंट सर्किट्स के नए इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन प्लांट का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में करीब 6,745 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इन आधुनिक प्लांटों में प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (पीसीबी) और अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों का निर्माण होगा। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार मिलेगा और उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण के क्षेत्र में और मजबूत बनेगा।
प्रदेश को तकनीकी क्षेत्र में मिलेगी नई पहचान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ समय पहले इसी क्षेत्र में उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट का शिलान्यास किया गया था। अब इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग से जुड़ी नई परियोजनाओं की शुरुआत प्रदेश को तकनीकी क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी। उन्होंने कहा कि आज के समय में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग दुनिया की अर्थव्यवस्था के सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग हब- मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले जेवर क्षेत्र की पहचान पिछड़े इलाके के रूप में होती थी, लेकिन अब यहां तेजी से विकास हो रहा है। जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर व्यावसायिक उड़ानें शुरू हो चुकी हैं और आसपास का क्षेत्र तेजी से औद्योगिक हब के रूप में विकसित हो रहा है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग हब बन चुका है। देश में बनने वाले लगभग 55 प्रतिशत मोबाइल फोन उत्तर प्रदेश में तैयार किए जाते हैं। अब इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर उद्योग में हो रहा निवेश प्रदेश को वैश्विक सप्लाई चेन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाएगा।
उत्तर प्रदेश और कोरिया के बीच संबंध
उन्होंने दक्षिण कोरिया का भी जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश और कोरिया के बीच पुराने सांस्कृतिक संबंध हैं। आज कोरिया इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण का बड़ा केंद्र है और उत्तर प्रदेश भी उसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उद्योगों को हर संभव सहायता दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शी व्यवस्था के साथ निवेशकों की समस्याओं का तेजी से समाधान कर रही है। साथ ही बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) सहित कई नए औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को देश का प्रमुख औद्योगिक और तकनीकी केंद्र बनाना है।
Also read: Haryana News: पानीपत में फायर सेफ्टी पर बड़ा खुलासा, 90% कोचिंग सेंटर, होटल और अस्पताल बिना NOC के संचालित