Kolkata Rape Case: कोलकाता रेप केस में सीबीआई के बाद ईडी की एंट्री , पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष के घर पर छापा

Kolkata Rape Case: पश्चिम बंगाल के आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल के खिलाफ सीबीआई के बाद ईडी ने एक्शन लिया है। 6 सितंबर यानी शुक्रवार को ईडी ने संदीप घोष के ठिकानों पर छापा मारा है। इसके अलावा उनके करीबियों के जुड़े 5-6 ठिकानों पर छापा मारा है। बता दें कि अपने कार्यकाल के दौरान संदीप घोष पर घोटाला करने का आरोप है। सीबीआई उन्हें पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। ईडी ने पीएमएलए केस के तहत यह कार्रवाई की है। इसके अलावा कई अन्य राज्यों में भी ईडी ने रेड की है।
सीबीआई भी कर रही जांच
सीबीआई की तरफ से गिरफ्तार किए जाने से पहले घोष से 15 दिनों तक सीबीआई के सॉल्ट लेक ऑफिस में पूछताछ हुई थी। तब सीबीआई ने ट्रेनी डॉक्टर के रेप केस के संबंध में पूछताछ की थी। साथ ही अपने कार्यकाल के दौरान किए गए घोटाले को लेकर भी सवाल पूछे गए थे। वहीं संदीप घोष का दो बार पॉलीग्राफ टेस्ट हुआ था।
संदीप घोष पहुंचे सुप्रीम कोर्ट
अब संदीप घोष ने कोलकाता उच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। जिसमें उनके कार्यकाल के दौरान संस्थान में वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाने वाली याचिका में पक्षकार के रूप में शामिल किए जाने की उनकी याचिका खारिज कर दी गई है। बता दें कि कोलकाता हाईकोर्ट ने घोटाले की जांच कर रही एसआईटी को रिपोर्ट सीबीआई को सौंपने को कहा था। हाईकोर्ट ने यह कहते हुए याचिका खारिज कर दी थी कि संदीप घोष इस मामले में आवश्यक पक्षकार नहीं थे।
हाईकोर्ट ने आगे कहा था कि इस घटना की जांच के मद्देनजर केस पहले ही सीबीआई को सौंपी जा चुकी है। व्यापक और निष्पक्ष जांच के लिए केस को सीबीआई को ही सौंपी जानी चाहिए। वहीं संदीप घोष के वकील सिद्धार्थ चौधरी ने हाईकोर्ट के आदेश के बाद सुप्रीम कोर्ट का रूख किया है।
Leave a comment