Kartik Purnima 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के पावन अवसर पर देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में इस पर्व को निस्वार्थ सेवा, श्रद्धा, विश्वास और सकारात्मकता का प्रतीक बताया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि पवित्र स्नान, दान-पुण्य और दीपदान की परंपरा लोगों के जीवन में सुख, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा लेकर आए।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देशभर के प्रमुख तीर्थस्थलों पर भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर सुबह से ही श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगाने पहुंचे। वहीं अयोध्या में सरयू नदी और हरिद्वार में हर की पौड़ी पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने पवित्र स्नान किया। उत्तर प्रदेश के हापुड़ स्थित ब्रजघाट पर भी भक्तों का तांता लगा रहा। पुजारी पंडित यश कुमार शर्मा के मुताबिक, कार्तिक का महीना बेहद पवित्र माना जाता है और इस दौरान स्नान करने से आत्मिक शुद्धि होती है। उन्होंने बताया कि यह महीना भगवान विष्णु और भगवान शिव को विशेष रूप से प्रिय है।
पुरी से यमुनानगर तक दिखा त्योहार का उत्साह
ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ के दिव्य स्वर्ण श्रृंगार के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। वहीं हरियाणा के यमुनानगर में आयोजित कपाल मोचन मेले में पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से आए श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में स्नान किया। यहां कार्तिक पूर्णिमा के साथ गुरु नानक देव जयंती का उत्सव भी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।
दीपमाला से जगमगाया काशी विश्वनाथ मंदिर
वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में कार्तिक महीने के अवसर पर बाबा विश्वनाथ का विशेष दीपमाला श्रृंगार किया जा रहा है। मंदिर प्रशासन के अनुसार, 26 अक्टूबर से कार्तिक पूर्णिमा तक प्रतिदिन सप्तऋषि आरती के दौरान बाबा का भव्य श्रृंगार किया गया। दीपों से सजे मंदिर का दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान और स्नान का विशेष महत्व
हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक महीने की पूर्णिमा को कार्तिक पूर्णिमा के रूप में मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं में इस दिन गंगा स्नान, दान-पुण्य और दीपदान का विशेष महत्व बताया गया है। देशभर में श्रद्धालु मंदिरों में पूजा-अर्चना करते हैं, घरों और घाटों पर दीप जलाते हैं तथा धार्मिक मेलों में हिस्सा लेते हैं। कई स्थानों पर जल में दीपों से सजी छोटी नावें प्रवाहित करने की परंपरा भी निभाई जाती है।