Aaj Ka Mausam 24 November 2026: देश के मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी हवाओं के सक्रिय होने से दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज हो सकता है। IMD ने 8 राज्यों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश की आशंका जताते हुए अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा उत्तर और मध्य भारत के कुछ इलाकों में पारे में गिरावट आने से ठंड बढ़ने के आसार हैं, जबकि कई क्षेत्रों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने की चेतावनी भी दी गई है।
IMD के अनुसार, 24 नवंबर को दक्षिण भारत और आसपास के क्षेत्रों के आठ राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इनमें तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और लक्षद्वीप शामिल हैं। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान कई स्थानों पर गरज के साथ बिजली चमकने और गिरने का खतरा भी बना रहेगा।
दिल्ली-यूपी में मौसम का हाल
राजधानी में मंगलवार को दिनभर आसमान साफ रहने का अनुमान है, हालांकि सुबह के समय कुछ इलाकों में धुंध जैसी स्थिति बन सकती है। वहीं, तापमान दिन के समय पारा 24 से 26 डिग्री और रात का तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं 25 नवंबर को न्यूनतम तापमान में और गिरावट आकर 9 से 11 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। इस दौरान सुबह के समय कहीं हल्का तो कहीं मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। 26 नवंबर को भी कोहरे का असर जारी रहने के आसार हैं। वहीं, फिलहाल उत्तर प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम सूखा बना रह सकता है। हालांकि पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 25 से 29 नवंबर तक भी राज्य में बारिश के आसार नहीं हैं और शुष्क मौसम का सिलसिला जारी रह सकता है।
जानें हिमाचल और उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश में 24 और 25 नवंबर को सुबह के समय कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने से दृश्यता प्रभावित हो सकती है। हालांकि प्रदेश में फिलहाल बारिश की कोई आशंका नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक, 29 नवंबर तक राज्य के सभी हिस्सों में मौसम सूखा बना रहेगा। वहीं उत्तराखंड में भी आने वाले दिनों में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। IMD के अनुसार, 24 से 29 नवंबर के बीच प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और अगले छह दिनों तक तापमान व मौसम की स्थिति में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।