Kal Ka Mausam 11 July 2026: देश के कई हिस्सों में मानसून पूरी तरह एक्टिव हो चुका है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 11 जुलाई को देश के कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक कई इलाकों में तेज बारिश, आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। IMD के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मध्य हिस्से में बना कम दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है, लेकिन इसके बावजूद मानसून की सक्रिय स्थिति के कारण देश के कई हिस्सों में बारिश जारी रहेगी।
मौसम विभाग ने बताया कि इस समय कई मौसमी सिस्टम बारिश को प्रभावित कर रहे हैं। इनमें उत्तर प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र, सामान्य स्थिति के आसपास मौजूद मानसून ट्रफ, बंगाल और बांग्लादेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण और पंजाब व पाकिस्तान क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ शामिल हैं।
दिल्ली-NCR और उत्तर भारत में बारिश का अलर्ट
IMD ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में 11 जुलाई को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश हो सकती है। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश में मानसून की गतिविधियां जारी रहेंगी। पश्चिमी यूपी में 11 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 12 जुलाई से बारिश बढ़ने की संभावना है।
मध्य भारत में भी बारिश का दौर जारी
मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी बारिश का अनुमान है। पूर्वी मध्य प्रदेश में बिजली गिरने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की संभावना
बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड में भी मानसून सक्रिय रहेगा। गंगीय पश्चिम बंगाल और बिहार में कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, पूर्वोत्तर राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी व्यापक बारिश की संभावना जताई गई है।
दक्षिण भारत में भी बारिश का दिखेगा असर
दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी बारिश जारी रहेगी। तटीय कर्नाटक और केरल में भारी बारिश की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा कोंकण और गोवा में व्यापक बारिश तथा गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ और मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है और बिजली गिरने व तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
Also read: Delhi News: दिल्ली में बढ़ी प्रीमियम पेट्रोल की मांग, E20 पेट्रोल को लेकर लोगों में दिखी दिलचस्पी