India's first LNG Train: देश की पहली लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) से चलने वाली ट्रेन पटरी पर उतर चुकी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज 27 सितंबर 2026 रविवार को गुजरात की राजधानी अहमदाबाद के साबरमती रेलवे स्टेशन से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही उन्होंने साबरमती डिवीजन में भारतीय रेलवे की कई अन्य परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया।
LNG ट्रेन की खासियत
LNG ट्रेन डीजल पर निर्भरता कम करने का सबसे बड़ा प्रयास है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि यह ट्रेन पूरी तरह LNG पर ही चलेगी। दरअसल, इस ट्रेन में LNG डीजल दोनों ईंधनों का उपयोग किया गया है। साबरमती इंटीग्रेटेड कोचिंग डिपो की दो 1,400 हॉर्सपावर वाली ड्राइविंग पावर कार (DPC) को LNG तकनीक में बदला गया है। दोनों पावर कारों पर पहले ही 2,000 किलोमीटर से ज्यादा के फील्ड ट्रायल पूरे हो चुके हैं। इस तकनीक से डीजल की खपत में लगभग 40 प्रतिशत तक की कमी आ सकती है। बताया जा रहा है कि प्रत्येक पावर कार में करीब 2,200 लीटर क्षमता की LNG टंकी लगी है। आठ कोच वाली यह नॉन-एसी चेयर कार ट्रेन लगभग ₹25 लाख रुपये तक ईंधन खर्च बच सकता है।
https://x.com/i/broadcasts/1dGYlaOBezoKX
डीजल पर निर्भरता पर क्या बोले अमित शाह?
डीजल पर निर्भरता कम करने और विद्युतीकरण का विस्तार करने में रेलवे की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए शाह ने कहा कि रेलवे द्वारा डीजल की खपत 293 करोड़ लीटर से घटकर 108 करोड़ लीटर हो गई है। उन्होंने कहा '2015-16 में रेलवे ने 293 करोड़ लीटर डीजल की खपत की थी। यह आंकड़ा अब 2024-25 में घटकर 108 करोड़ लीटर हो गया है, और 2030 तक हम इसे शून्य तक ले आएंगे, जिससे भारतीय मुद्रा की बचत होगी। यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि है जिस पर अक्सर ध्यान नहीं दिया जाता।'
उन्होंने आगे कहा '2010-11 में विद्युतीकरण केवल 75 किलोमीटर तक सीमित था, जबकि 2023-24 में हमने एक ही वर्ष में 7,188 किलोमीटर का विद्युतीकरण कर दिया। रेलवे नेटवर्क का 99.6 प्रतिशत पहले से ही विद्युतीकृत है। हम शेष 0.3 प्रतिशत को भी पूरा कर लेंगे। वैश्विक स्तर पर केवल स्वीडन ने ही 100 प्रतिशत विद्युतीकरण हासिल किया है, लेकिन स्वीडन के रेल नेटवर्क और हमारे रेल नेटवर्क के पैमाने में दस गुना अंतर है।'
Also read: Kal Ka Mausam: 28 सितंबर को 20 राज्यों में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट, 75 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
भारतीय रेलवे की कई परियोजनाओं का किया शुभारंभ
इस अवसर पर अमित शाह ने कहा कि ये परियोजनाएं पर्यावरण संबंधी चिंताओं, यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखती हैं। उन्होंने कहा 'आज साबरमती डिवीजन में भारतीय रेलवे की विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ हो रहा है। ये पहलें पर्यावरण संबंधी चिंताओं को दूर करती हैं, यात्रियों की सुविधा बढ़ाती हैं और सुरक्षा को मजबूत करती हैं। पहले मैं दिल्ली से यात्रा करते समय अक्सर साबरमती रेलवे स्टेशन पर उतरता था। मैं साबरमती रेलवे डिवीजन से लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तक पूरी टीम को हार्दिक बधाई देता हूं, क्योंकि इतने लंबे समय बाद साबरमती स्टेशन को देखना वाकई अद्भुत है।'
केंद्रीय गृह मंत्री ने आगे कहा कि स्टेशन और इसकी सुविधाओं में 1,472 करोड़ रुपये के निवेश से पूर्ण परिवर्तन किया गया है। उन्होंने कहा 'यात्री सुविधा, सुरक्षा और कनेक्टिविटी के मामले में एक क्रांतिकारी बदलाव आया है। आज जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया और जिन परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई, उनमें 1,472 करोड़ रुपये का निवेश शामिल है, जो इस क्षेत्र के यात्रियों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होंगी।'