Noida International Airport: दिल्ली के पास होने के बावजूद अब तक विकास की दौड़ में पीछे रहे फरीदाबाद में अब बड़ा बदलाव आने वाला है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) और नई कनेक्टिविटी परियोजनाओं के चलते यह शहर तेजी से रियल एस्टेट का नया केंद्र बनता जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, जेवर एयरपोर्ट शुरू होने के बाद फरीदाबाद से बड़े आर्थिक और कारोबारी क्षेत्रों तक पहुंच आसान हो जाएगी। इससे यात्रा का समय कम होगा और निवेश के नए अवसर खुलेंगे। ओमेक्स लिमिटेड के एमडी मोहित गोयल का कहना है कि जहां बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर होता है, वहां लंबे समय में प्रॉपर्टी की कीमतें बढ़ती हैं।
कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर हो रहा काम
फरीदाबाद की कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम हो रहा है। FNG एक्सप्रेसवे, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (DMIC) जैसे प्रोजेक्ट शहर को नोएडा, दिल्ली और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों से जोड़ेंगे। इससे यहां रहने और व्यापार करने की मांग तेजी से बढ़ रही है। रियल एस्टेट सेक्टर में भी बड़ी कंपनियां अब फरीदाबाद की ओर रुख कर रही हैं। भूमिका ग्रुप और BPTP जैसे डेवलपर्स यहां लग्जरी हाउसिंग और इंटीग्रेटेड टाउनशिप प्रोजेक्ट्स शुरू कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि जैसे 2020 से 2025 के बीच नोएडा एयरपोर्ट के आसपास प्रॉपर्टी के दाम तेजी से बढ़े, वैसा ही ट्रेंड अब फरीदाबाद में भी देखने को मिल सकता है।
इन शहरों के बीच यात्रा होगी आसान
इसके अलावा, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने कालिंदी कुंज कॉरिडोर को सिग्नल-फ्री बनाने की मंजूरी दी है। साथ ही प्रस्तावित नमो भारत कॉरिडोर से दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद के बीच यात्रा और आसान हो जाएगी। BPTP के सीईओ माणिक मलिक के अनुसार, इन परियोजनाओं से ट्रैफिक जाम कम होगा और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। आने वाले वर्षों में फरीदाबाद एक संतुलित, आधुनिक और भविष्य के लिए तैयार शहर के रूप में उभर सकता है। कुल मिलाकर, बेहतर कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर के चलते फरीदाबाद अब निवेशकों और घर खरीदने वालों के लिए नई उम्मीद बनकर सामने आ रहा है।
Also read: UP News: ‘...गिरगीट भी शर्मा जाएगा’ विशेष सत्र में सीएम योगी ने सपा पर जमकर साधा निशाना