Jalandhar Student Success Story: एक कॉलेज छात्र की कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है, जिसने कई मुश्किलों के बावजूद हार नहीं मानी। कभी कॉलेज छोड़ना पड़ा, फिर Apple की इंटर्नशिप का बड़ा मौका हाथ से निकल गया। लेकिन लगातार मेहनत करते रहे और अब UAE की कंपनी Revolut में iOS Developer की इंटर्नशिप हासिल की है। खास बात यह है कि इस इंटर्नशिप के लिए उन्हें हर महीने करीब 4.5 लाख रुपये मिलने की बात सामने आई है।
पोस्ट से मिली जानकारी
यह कहानी NIT जालंधर में B.Tech इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की पढ़ाई कर रहे इफरान मोहम्मद की है। उनकी कहानी X पर Vikas Alwys ने साझा की है। पोस्ट के मुताबिक, Revolut UAE में इफरान की इंटर्नशिप की सैलरी करीब 4.5 लाख रुपये प्रति माह है। दो महीने की इंटर्नशिप के हिसाब से यह रकम करीब 9 लाख रुपये बैठती है। इफरान ने इंजीनियरिंग की शुरुआत SRM यूनिवर्सिटी चेन्नई से की थी। उन्होंने वहां B.Tech कंप्यूटर साइंस में दाखिला लिया, लेकिन पहले साल की पढ़ाई पूरी करने के बाद यूनिवर्सिटी छोड़ दी। इसके बाद उन्होंने JEE की परीक्षा पास की और NIT जालंधर में दाखिला लिया। यहां उन्होंने अपनी इंजीनियरिंग की पढ़ाई आगे जारी रखी।
कैसे छूटा मौका?
इफरान के लिए दूसरा साल भी काफी अहम रहा। पोस्ट के मुताबिक, उन्होंने Apple की इंटर्नशिप के लिए चयन हासिल कर लिया था। यह ऑन-साइट इंटर्नशिप इंडोनेशिया के बाली में थी। हालांकि, कॉलेज में 75 प्रतिशत अटेंडेंस जरूरी होने की वजह से वह इस मौके का फायदा नहीं उठा सके। एक बड़ी कंपनी में काम करने का सपना फिलहाल अधूरा रह गया, लेकिन उन्होंने कोशिश जारी रखी। इसके बाद तीसरे साल में उन्हें Revolut में काम करने वाले एक परिचित से रेफरल मिला। इसके बाद उनका चयन प्रक्रिया में हुआ और उन्होंने iOS Developer इंटर्नशिप के लिए जरूरी चरणों को सफलतापूर्वक पूरा किया। आखिरकार उन्हें Revolut UAE में इंटर्नशिप मिल गई।
सोशल मीडिया पर मिली तारीफ
सोशल मीडिया यूजर्स ने भी इफरान की कहानी को प्रेरणादायक बताया। एक यूजर ने कहा कि Apple का मौका छूटने के बाद Revolut तक पहुंचना पूरी कहानी में बड़ा बदलाव है। दूसरे यूजर ने उनकी कोशिशों की तारीफ करते हुए कहा कि मुश्किलों के बावजूद उन्होंने प्रयास जारी रखा। इफरान ने अपनी पोस्ट में यह भी बताया कि एक समय उनके पास लैपटॉप तक नहीं था। इसके बावजूद उन्होंने किसी तरह कोडिंग की बेसिक चीजें सीखीं और IT की दुनिया में आगे बढ़ते रहे। यही संघर्ष अब उनकी सफलता की कहानी बन गया है।