IPL 2027:आईपीएल 2027 को लेकर सभी टीमों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भी फ्रेंचाइजी टीमों को रिटेंशन और रिलीज की प्रक्रिया पूरी करने की समयसीमा बता दी है। इस बीच पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) में बड़े बदलाव की चर्चा तेज हो गई है। खबरों के मुताबिक, टीम पिछले सीजन में मोटी रकम खर्च करके खरीदे गए दो खिलाड़ियों प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा में से किसी एक को रिलीज कर सकती है। ऐसा करने से टीम के ऑक्शन पर्स में अतिरिक्त पैसा आएगा, जिससे वह नए खिलाड़ियों पर बोली लगा सकेगी।
चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में उत्तर प्रदेश के युवा ऑलराउंडर प्रशांत वीर पर बड़ा दांव लगाया था। उनका बेस प्राइस महज 30 लाख रुपये था, लेकिन मुंबई इंडियंस, लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद जैसी टीमों के बीच बोली की होड़ के बाद CSK ने उन्हें 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा। हालांकि, पिछले सीजन में प्रशांत का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने 6 मुकाबलों में 90 रन बनाए और गेंदबाजी में एक भी विकेट हासिल नहीं किया। ऐसे में अब उन्हें रिलीज किए जाने की अटकलें लग रही हैं।
कार्तिक शर्मा का प्रदर्शन भी नहीं रहा खास
CSK ने विकेटकीपर बल्लेबाज कार्तिक शर्मा को भी 14.20 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत देकर अपनी टीम में शामिल किया था। उनकी बोली भी 30 लाख रुपये के बेस प्राइस से शुरू हुई थी। मुंबई इंडियंस, लखनऊ सुपर जायंट्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें खरीदने में दिलचस्पी दिखाई थी। पिछले सीजन में कार्तिक ने 11 मुकाबलों में 295 रन बनाए। हालांकि, टीम ने जिस कीमत पर उन्हें खरीदा था, उसके हिसाब से उनका प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका।
CSK के पर्स में अभी सिर्फ 2.4 करोड़ रुपये
इन दोनों खिलाड़ियों पर चेन्नई ने कुल 28.40 करोड़ रुपये खर्च किए थे। फिलहाल टीम के पास ऑक्शन पर्स में करीब 2.4 करोड़ रुपये बचे हैं। ऐसे में नए खिलाड़ियों को खरीदने के लिए टीम को अतिरिक्त रकम की जरूरत होगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्रिकबज की एक रिपोर्ट में संकेत दिया गया है कि CSK इन दोनों में से किसी एक खिलाड़ी को रिलीज करने पर विचार कर सकती है। हालांकि, अभी तक फ्रेंचाइजी की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
15 नवंबर तक जारी होगी रिटेंशन लिस्ट
आईपीएल 2027 के लिए सभी 10 फ्रेंचाइजी को 15 नवंबर तक अपनी रिटेंशन और रिलीज लिस्ट सौंपनी है, जबकि नीलामी 16 दिसंबर को आयोजित होने की जानकारी सामने आई है। अब सबकी नजर चेन्नई सुपर किंग्स पर रहेगी कि वह प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा में से किसे अपने साथ बनाए रखती है और किसे रिलीज करती है। अगर दोनों में से किसी एक को रिलीज किया जाता है तो CSK को नीलामी में नए खिलाड़ियों को खरीदने के लिए अतिरिक्त बजट मिल सकता है।
Also read: "मुझे लगता है कि हम शुरू में अपनी बॉलिंग में थोड़े कमज़ोर रहे", NZ से हार के बाद श्रेयस अय्यर ने बताया हार का कारण