Cwg 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। खेलों के 9वें दिन भारतीय दल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपने खाते में 6 और मेडल जोड़ लिए। शुक्रवार को भारत ने 2 गोल्ड, 2 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज मेडल जीते। इस प्रदर्शन के साथ भारत मेडल टेबल में टॉप-10 में बना हुआ है। भारत के लिए सबसे बड़ी कामयाबी जूडो में आई, जहां खिलाड़ियों ने दो गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया। हर्ष सिंह ने पुरुषों की 60 किलोग्राम कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीता। फाइनल मुकाबले में हर्ष ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी जोशुआ काट्ज को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
अस्मिता डे का शानदार प्रदर्शन
वहीं, महिला जूडो खिलाड़ी अस्मिता डे ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 48 किलोग्राम कैटेगरी में गोल्ड मेडल हासिल किया। अस्मिता ने फाइनल मुकाबले में कनाडा की हेइडी क्वाच को मात दी और भारत को एक और स्वर्ण पदक दिलाया। जैवलिन थ्रो में भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा ने भी शानदार वापसी की। नीरज ने पुरुषों की जैवलिन स्पर्धा में 85.83 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो करते हुए सिल्वर मेडल जीता। वहीं, जूडो में यामिनी मौर्य ने महिलाओं की 57 किलोग्राम कैटेगरी में सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
डेकाथलॉन में भी ऐतिहासिक उपलब्धि
भारत के लिए डेकाथलॉन में भी ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई। तेजस्विन शंकर ने पुरुषों के डेकाथलॉन इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर कॉमनवेल्थ गेम्स इतिहास में भारत को इस स्पर्धा का पहला पदक दिलाया। इसके अलावा यश वीर सिंह ने पुरुषों के जैवलिन थ्रो में ब्रॉन्ज मेडल जीता। खास बात यह रही कि जैवलिन में भारत ने पहली बार एक साथ दो पोडियम फिनिश हासिल की। इन उपलब्धियों के बाद भारत के कुल मेडल की संख्या बढ़कर 23 हो गई है, जिसमें 5 गोल्ड, 12 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। मेडल टेबल में भारत फिलहाल 10वें स्थान पर बना हुआ है, जबकि ऑस्ट्रेलिया 128 मेडल के साथ सबसे ऊपर है।
बॉक्सिंग में भी भारत का प्रदर्शन शानदार
बॉक्सिंग में भी भारत का प्रदर्शन शानदार रहा। भारत के 10 मुक्केबाज फाइनल में पहुंच चुके हैं। इनमें लवलीना बोरगोहेन, जैस्मीन लंबोरिया, अरुंधति चौधरी, प्रीति पवार, साक्षी चौधरी, प्रिया घंघास, जादुमणि सिंह, अंकुश पंघाल, नरेंद्र बरवाल और सचिन सिवाच शामिल हैं। लॉन बॉल्स में भी भारत को सफलता मिली। नवनीत सिंह और दिनेश कुमार की जोड़ी ने फॉकलैंड आइलैंड्स को हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की। हालांकि साइकिलिंग में भारतीय खिलाड़ी अगले दौर में जगह बनाने में सफल नहीं हो सके। भारत के लिए अब तक जूडो, वेटलिफ्टिंग और पैरा एथलेटिक्स में गोल्ड मेडल आए हैं। मीराबाई चानू, शर्मिला धनखड़, दिलीप महादू गावित, अस्मिता डे और हर्ष सिंह ने भारत को स्वर्ण पदक दिलाकर देश का गौरव बढ़ाया है।
Also read: CWG 2026: नीरज चोपड़ा ने जीता सिल्वर, यशवीर सिंह ने ब्रॉन्ज़; जैवलिन थ्रो में भारत ने रचा इतिहास