
Darhanga Stone Pelting: रविवार (30मार्च) से चैत्र नवरात्रि की शुरुआत हो गई है। इस मौके पर देशभर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। लेकिन बिहार के दरभंगा जिले में एक गंभीर घटना सामने आई है। यहां मां दुर्गा के मंदिर से लौट रहे भक्तों पर पथराव किया गया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने श्रद्धालुओं पर अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस घटना में महिलाएं भी शामिल थीं। एक वीडियो सामने आया है, जिसमें महिलाएं छत से श्रद्धालुओं पर पत्थर फेंकती दिख रही हैं। बताया जा रहा है कि पथराव अलाउद्दीन नामक व्यक्ति के मकान से किया गया। यह घटना कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के केवटगामा पंचायत की है।
हमले में कई लोग घायल, गांव में तनाव
घटना रविवार शाम की है। श्रद्धालु दुर्गा मंदिर में कलश स्थापना के बाद घर लौट रहे थे। तभी पछियारी रही गांव में उन पर अचानक पथराव कर दिया गया। हमला इतनी तेजी से हुआ कि लोग कुछ समझ नहीं पाए और अफरा-तफरी मच गई। कई श्रद्धालु घायल हो गए और पूरे इलाके में तनाव बढ़ गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पत्थरबाजी मोहम्मद अलाउद्दीन के घर से की गई थी। घटना के बाद इलाके की स्थिति बिगड़ने लगी, जिसके चलते प्रशासन को तीन थानों की पुलिस तैनात करनी पड़ी।
प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की
पंचायत के पूर्व मुखिया आलोक कुमार उर्फ विकास कुमार ने इस घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज की एकता को नुकसान पहुंचाती हैं।वहीं, कुशेश्वरस्थान के थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और पूरे इलाके में पुलिस तैनात कर दी गई है।
इस बीच, एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने भी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इलाके में पूरी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और किसी को डरने की जरूरत नहीं है।
होली पर भी हुआ था हमला
गौरतलब है कि होली के दिन भी ऐसी घटना हुई थी। उस दिन मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने होली खेल रहे युवकों पर हमला कर दिया था। अब नवरात्रि के पहले दिन हुए इस हमले ने फिर से माहौल तनावपूर्ण बना दिया है।
पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
Leave a comment