Gondia Road Accident: महाराष्ट्र सड़क हादसा: महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। महाराष्ट्र-मध्य प्रदेश स्टेट हाईवे पर नागरा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए लोग मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के रहने वाले मजदूर थे। वे अलग-अलग गांवों से अपने परिवार के साथ काम की तलाश में तेलंगाना के हैदराबाद जा रहे थे। सभी लोग बोलेरो वाहन में सवार थे। वाहन का नंबर MP-15 T 3495 बताया गया है।
नागरा गांव के पास हुई टक्कर
बताया गया कि बोलेरो जब गोंदिया शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर नागरा गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक बालाघाट से गोंदिया की ओर जा रहा था। आरोप है कि ट्रक तेज रफ्तार में और लापरवाही से चलाया जा रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
गैस कटर से निकाले गए शव
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। बोलेरो के मलबे में कई लोग बुरी तरह फंस गए थे। सूचना मिलते ही गोंदिया ग्रामीण पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में फंसे शवों को निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित किया।
ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने घायल राजेंद्र शिवचरण पांढरे, निवासी पीपलगांव खुर्द, किरनापुर, बालाघाट के बयान के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ट्रक चालक की पहचान मोहसिन खान (32) के रूप में हुई है, जो गोंदिया का रहने वाला है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
गोंदिया ग्रामीण पुलिस ने मामले में BNS 2023 की संबंधित धाराओं और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस निरीक्षक वैभव पवार के मार्गदर्शन में महिला सहायक पुलिस उपनिरीक्षक वर्षा नाइटम मामले की आगे जांच कर रही हैं। पुलिस हादसे के सही कारणों और ट्रक चालक की लापरवाही की जांच कर रही है।
Also read: PM Modi in Vadodara: गुजरात के वडोदरा में PM मोदी की हुंकार, कहा- विकसित भारत को मिलेगी तेज रफ्तार, 2800 किमी DFC पूरा