Uttarakhand Road Accident: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रिखणीखाल के कलवाड़ी बैण्ड के पास बैणी-भुली योजना के आवेदन भरकर लौट रहा वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस भीषण हादसे में 6 महिलाओं समेत वाहन चालक की मौत हो गई, कुल 7 लोगों ने जान गंवाई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान में जुट गई।
महिलाएं वाहन से अपने गांव लौट रही थीं
रिखणीखाल ब्लॉक के कोटनाली भंगलवाण गांव की स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बैंक का काम निपटाने के लिए सिद्धखाल गई थीं। काम खत्म करने के बाद सभी महिलाएं वाहन से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी गांव के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे फिसल गया और करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में सवार 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शवों को बाहर निकालने की कोशिश में जुट गए। हादसे के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया, बताया जा रहा है कि मरने वाली सभी महिलाएं आसपास के गांवों की ही रहने वाली थीं।
Also read: उत्तराखंड के मसूरी में सीवर लीकेज पर मंत्री गणेश जोशी का बड़ा निर्देश, अधिकारियों को दिए ये आदेश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया
हादसे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है। सीएम धामी ने जिला प्रशासन को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों को बेहतर इलाज देने और गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर बड़े अस्पतालों में पहुंचाने के भी निर्देश दिए हैं।