Haryana News: हरियाणा के यमुनानगर जिला जेल में बंद 26 वर्षीय युवक राहुल सैनी की इलाज के दौरान मौत के बाद मामला गरमा गया है। परिजनों ने पुलिस और जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें राहुल की गिरफ्तारी और जेल भेजे जाने की कोई जानकारी नहीं दी गई। परिजनों का आरोप है, जेल प्रशासन दावा कर रहा है कि परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन दिया गया मोबाइल नंबर बंद मिला। लेकिन परिजन इस बात से मना कर रहे कि उनको कोई फोन नहीं आया,अब मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा।
यमुनानगर के गांव ईशरपुर निवासी 26 वर्षीय राहुल सैनी जो एक कबाड़ी के पास ड्राइवर का काम करता था, 7 जुलाई से लापता था। परिजनों के अनुसार वे लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन आज सुबह पुलिस से उसकी मौत की सूचना मिली। राहुल को पेट दर्द की शिकायत के बाद जिला जेल से सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और मोर्चरी के बाहर हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि राहुल की मौत जेल में हुई है और पूरे मामले को छिपाने की कोशिश की जा रही है।
परिजनों का कहना है कि तीन दिन तक राहुल के जेल में होने की जानकारी भी उन्हें नहीं दी गई। पुलिस के अनुसार राहुल को 19 जून को जिला जेल के पास एक ढाबे पर हुई मारपीट के मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। प्राथमिक जांच में उसके पीलिया से पीड़ित होने की बात भी सामने आई है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को समझाकर शांत कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। राहुल की तबीयत बिगड़ने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाया गया और हालत गंभीर होने पर सिविल अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हुई। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पर टिकी है। वहीं मीडिया ने जेल अधीक्षक से सम्पर्क करने की कोशिश की गईं, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।