Vinay Kumar Langeh Success Story: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले को नए कलेक्टर मिल गए हैं। वर्ष 2016 बैच के आईएएस अधिकारी विनय कुमार लंगेह ने जिले के 23वें कलेक्टर के रूप में पदभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि सरकार की सभी प्रमुख योजनाओं को तेजी से लागू करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। साथ ही जिले में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और लोगों की समस्याओं का समाधान भी प्राथमिकता से किया जाएगा। विनय कुमार लंगेह इससे पहले कोरिया जिले के कलेक्टर रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने गरियाबंद जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के रूप में भी काम किया है। अपने प्रशासनिक कार्यों और नए प्रयोगों के कारण उनकी अलग पहचान बनी है।
शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई- कलेक्टर
कलेक्टर बनने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रशासन और मीडिया मिलकर जनता की समस्याओं का समाधान करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मीडिया के माध्यम से मिलने वाली हर शिकायत और सूचना पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यालय समय में कोई भी आम नागरिक अपनी समस्या लेकर उनसे सीधे मिल सकता है।
जल संरक्षण अभियान
विनय कुमार लंगेह अपने जल संरक्षण अभियान के लिए भी काफी चर्चित रहे हैं। उनके नेतृत्व में 'मोर गांव-मोर पानी' अभियान चलाया गया था। इस अभियान के तहत महज 15 दिनों में 3 लाख 41 हजार से अधिक जल संरक्षण संरचनाएं तैयार की गईं। इन संरचनाओं की मदद से पहली ही बारिश में करीब 31 करोड़ लीटर पानी का संरक्षण किया गया।
1140 से अधिक गांवों को होगा फायदा
इस अभियान का लाभ 551 ग्राम पंचायतों के 1140 से अधिक गांवों को मिला। पहले बारिश का पानी बहकर नदियों और नालों में चला जाता था, लेकिन अब उसे गांवों में ही रोकने की व्यवस्था की गई है। अभियान के तहत सोख्ता गड्ढे, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, छोटे जल संरक्षण ढांचे, कंटूर ट्रेंच, बोरी बंधान, तालाब, डबरी और कुएं जैसी कई संरचनाएं बनाई गईं। यह काम मनरेगा और विभिन्न विभागों के सहयोग से पूरा किया गया।
पर्यटन स्थलों को विकसित करने की योजना
कलेक्टर ने कहा कि महासमुंद में पर्यटन की भी अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि सिरपुर जैसे विश्व प्रसिद्ध पुरातात्विक स्थल के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा शिशुपाल पर्वत और जिले के अन्य पर्यटन स्थलों को भी बेहतर सुविधाओं के साथ विकसित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के बिना कोई भी अभियान सफल नहीं हो सकता। इसलिए प्रशासन लोगों के सहयोग से विकास कार्यों को आगे बढ़ाएगा, ताकि महासमुंद को विकास और पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिल सके।
Also read: Haryana News: नशे के खिलाफ सख्त हुए CM नायब सैनी, टास्क फोर्स बनाने का किया ऐलान