Haryana Weather : हरियाणा में इन दिनों मौसम का मिजाज फिर से बदल गया है जिसके चलते कई जगहों पर आंधी और बारिश देखने को मिली। हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के असर से आज और कल मौसम खराब रहेगा। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव और पंजाब पर बने कम दवाब के क्षेत्र के कारण आज हरियाणा के 9 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
विभाग ने जानकारी दी है कि आज राजस्थान के साथ लगते सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेन्द्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल में आंधी के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम इसी प्रकार बना रहेगा। 22 जून से एक और पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा, जिसके प्रभाव से 22 और 23 दो दिन मौसम प्रभावित रहेगा।
Also read: NEET Free Bus: हरियाणा में नीट परीक्षार्थियों के लिए रोडवेज फ्री, बसों में नहीं लगेगा किराया
18 जून को हरियाणा के औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 1.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, यह सामान्य के आसपास ही बना हुआ है।
23 जून तक बदलेगा मौसम :
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, हरियाणा में मौसम 23 जून तक परिवर्तनशील रहने व बीच बीच में आंशिक बादलवाई और हवाओं की दिशा में बदलाव की संभावना है।
इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों की तरफ बढ़ने तथा राजस्थान व पंजाब के ऊपर साइक्लोनिक सरकुलेशन बनने की संभावना है। इससे 18 जून की रात से 20 जून के दौरान हरियाणा राज्य में ज्यादातर क्षेत्रों में बीच-बीच में तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है।
विभाग ने बताया की इसके बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 22 व 23 जून के दौरान भी राज्य में कहीं कहीं हवाओं व गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश संभावित है।