Haryana News: हरियाणा के सोनीपत स्थित कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में पानी की बोतलें बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग प्लेसरो इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री की ऊपरी मंजिल पर लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया, जो कई किलोमीटर दूर से दिखाई दिया। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए सोनीपत, पानीपत और दिल्ली से करीब एक दर्जन दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। राहत की बात यह रही कि फैक्ट्री में अवकाश होने के कारण कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, फैक्ट्री में रखा सामान और मशीनरी जलने से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
जानकारी के अनुसार, कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में स्थित प्लेसरो इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में पानी की बोतलें बनाई जाती थीं। फैक्ट्री की ऊपरी मंजिल पर अचानक आग लग गई। शुरुआत में आग की लपटें उठीं, लेकिन कुछ ही देर में आग ने पूरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। आग से उठता काला धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सोनीपत, पानीपत और दिल्ली से बुलाई गई दमकल की गाड़ियां
आग की सूचना मिलते ही सोनीपत दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग तेजी से फैलने के कारण पानीपत और दिल्ली से भी दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। करीब एक दर्जन गाड़ियां आग बुझाने के अभियान में जुट गईं। दमकल कर्मियों ने कई घंटे तक मशक्कत की। आग की गंभीरता को देखते हुए लगातार राहत एवं बचाव कार्य जारी रखा गया।
दिल्ली फायर सर्विस की टीम ने भी संभाला मोर्चा
दिल्ली फायर सर्विस के सब ऑफिसर विनय प्रकाश ने बताया कि सोनीपत और पानीपत से दमकल की गाड़ियां पहले ही मौके पर पहुंच चुकी थीं। इसके बाद दिल्ली फायर सर्विस की टीम को भी आग बुझाने में सहयोग के लिए बुलाया गया। दिल्ली से पहुंची दमकल टीम ने मौके पर अभियान में हिस्सा लिया। उनके मुताबिक, आग पर काबू पा लिया गया है।
लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान, कोई हताहत नहीं
फैक्ट्री में अवकाश होने के कारण घटना के समय कर्मचारियों की मौजूदगी नहीं थी। इस वजह से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग में फैक्ट्री के अंदर रखा सामान और मशीनरी जलकर नष्ट हो गई। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।