Himachal News: हिमाचल के ऊना के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बडोली में दिवाली की रात आतिशबाजी को लेकर दो परिवारों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। दोनों परिवार दिवाली का त्योहार मना रहे थे। इसी दौरान एक परिवार की ओर से की जा रही आतिशबाजी का पटाखा पड़ोस के घर में जा गिरा। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। इस खूनी संघर्ष में पति-पत्नी की जान चली गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के रास्तों को सील कर दिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं, मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिए गए हैं।
मामले की जांच के लिए धर्मशाला से फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, ताकि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।