Haryana News: हरियाणा के रोहतक शहर के अंबेडकर चौक और जिला कांग्रेस भवन के सामने स्कॉर्पियो गाड़ी में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जनता कॉलोनी निवासी प्रदीप उर्फ मोनू के रूप में हुई है, जो पेशे से वकील था। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में युवक की मौत सिर में गोली लगने से हुई है और मौके से एक रिवॉल्वर तथा गोली का खोल बरामद हुआ है। वहीं मृतक के पिता ने बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
रोहतक शहर के बीचों-बीच अंबेडकर चौक और जिला कांग्रेस भवन के सामने उस समय हड़कंप मच गया, जब एक स्कॉर्पियो गाड़ी में युवक का शव मिला। घटनास्थल के पास महिला थाना और सिविल लाइन थाना भी मौजूद हैं। मृतक की पहचान जनता कॉलोनी निवासी प्रदीप उर्फ मोनू के रूप में हुई है। प्रदीप पेशे से वकील था और उसकी पत्नी पूर्व में बीजेपी की पार्षद रह चुकी है।
सिर में गोली लगने से हुई मौत
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रदीप की मौत सिर में गोली लगने से हुई। मौके से एक रिवॉल्वर और गोली का खोल भी बरामद हुआ है। आर्य नगर थाना SHO सुशील कुमार के मुताबिक प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि घटना से पहले प्रदीप तेज रफ्तार में स्कॉर्पियो चला रहा था। रास्ते में एक बाइक और कार को टक्कर लगने की भी बात सामने आई है। पुलिस की PCR द्वारा उसका पीछा किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि इन सभी तथ्यों की पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस ने मृतक के फोन के जरिए उसके परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद मृतक के माता-पिता मौके पर पहुंचे। इकलौते बेटे का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं मृतक के पिता देवेंद्र ने बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि परिवार के कुछ लोगों की ओर से पहले जान से मारने की धमकी दी गई थी। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मौके से मिले सबूतों, सीसीटीवी फुटेज और परिजनों के बयानों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस की शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, जबकि मृतक के पिता ने हत्या का आरोप लगाया है। ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।