Aaj Ka Mausam 1 October 2026: देश में भले ही मानसून अपनी विदाई की ओर बढ़ रहा हो, लेकिन जाते-जाते मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने 1 अक्टूबर को देश के 22 राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान कुछ कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा बना रहेगा और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
IMD के मुताबिक, 1 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, प्रयागराज, देवरिया, बहराइच, गोंडा, सोनभद्र, कानपुर, लखीमपुर खीरी, उन्नाव, श्रावस्ती, एटा, इटावा, फिरोजाबाद, कासगंज और मैनपुरी में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि पूर्वी और मध्य यूपी के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ अचानक तेज बारिश हो सकती है। खेतों में खड़ी फसलों को देखते हुए किसानों को बारिश और तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहने की जरूरत होगी। वहीं दिल्ली में भी 1 अक्टूबर को मौसम करवट ले सकता है। राजधानी के कई हिस्सों में मध्यम बारिश के साथ 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। बारिश के चलते यातायात प्रभावित हो सकता है और दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे। राजधानी में दिन का तापमान करीब 34 डिग्री और रात का तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
हरियाणा और पंजाब में बदलेगा मौसम का मिजाज
पंजाब और हरियाणा में भी 1 अक्टूबर को मौसम का असर देखने को मिल सकता है। पंजाब के कई हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहने के साथ बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है। गुरदासपुर, पठानकोट, बरनाला, जालंधर, पटियाला और लुधियाना समेत कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, जबकि हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। खराब मौसम को देखते हुए खेतों में तैयार खड़ी फसलों को लेकर किसानों को सतर्क रहने की सलाह है। वहीं हरियाणा में भी कई इलाकों में बादलों की आवाजाही के बीच बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं का असर दिखाई देगा। चंडीगढ़ और इसके आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम में बदलाव के संकेत हैं। राज्य के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में पश्चिमी क्षेत्रों के मुकाबले मौसम अधिक सक्रिय रहने की संभावना जताई जा रही है।