
Himani Narwal Murder Case: हरियाणा के रोहतक में कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अभी भी जांच में जुटी है। साथ ही अन्य आरोपियों की तालाश में जुटी हुई है। 1 मार्च को रोहतक में एक हाईवे के पास एक सूटकेस के अंदर कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल का शव मिला था।
हरियाणा के रोहतक में सूटकेस में कांग्रेस महिला कार्यकर्ता हिमानी नरवाल का शव मिलने पर हिमानी नरवाल की मां सविता ने कहा, "आरोपी कोई अपना ही है और नजदीकी है। चाहे वे पार्टी से जुड़ा हो या कोई दोस्त हो या रिश्तेदार हो। मेरे घर तक वही आ सकता है जिस पर वे हद से ज्यादा विश्वास करती हो। उसके साथ कोई भी गलत करता है तो उसके खिलाफ वे कदम उठाती थी। वे किसी का गलत बर्दाश्त नहीं करती थी।
हमें न्याय मिलेगा- मृतका का भाई
हिमानी नरवाल हत्याकांड में एक आरोपी के गिरफ्तार होने पर हिमानी नरवाल के भाई जतिन ने कहा, "एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, और आज हम उसका (हिमानी नरवाल का) अंतिम संस्कार करेंगे। मीडिया में बहुत सारी अफ़वाहें फैलाई जा रही हैं। हमें न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि हमें अभी भी नहीं पता कि आरोपी कौन है, पुलिस ने हमें कोई जानकारी नहीं दी है। हम आरोपी के लिए मौत की सज़ा चाहते हैं।
कांग्रेस हिमानी के परिवार संग खड़ी है- हुड्डा
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हिमानी के परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा जताया। उन्होंने एसपी से भी बात की। उन्होंने कहा कि पुलिस व सरकार पीड़ित परिवार के लिए जल्द न्याय सुनिश्चित करे। दोषी को जल्द से जल्द कानून के शिकंजे में लाया जाए और उसे कड़ी से कड़ी सजा मिले। दुख की इस घड़ी में कांग्रेस हिमानी के परिवार संग खड़ी है। इसके साथ ही भूपेंद्र हुड्डा ने सुरक्षा को लेकर हरियाणा की सैनी सरकार पर भी निशाना साधा।
गंभीर चिंता का विषय बनी हुई हैं- हुड्डा
पत्रकारों से बातचीत में हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में बढ़ता अपराध, खासतौर पर महिलाओं के विरुद्ध वारदातें गंभीर चिंता का विषय बनी हुई हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी की हत्या के बाद प्रदेश की कानून व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। कुछ दिन पहले ही मुख्यमंत्री के गृहक्षेत्र नारायणगढ़ में भी एक बसपा नेता की हत्या हुई थी। इससे पहले बहादुरगढ़ में इनेलो नेता और हांसी में जजपा नेता की हत्या हो चुकी है।
Leave a comment