Haryana News: हरियाणा के सोनीपत जिले के लिवान गांव में एक व्यक्ति की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान हरिशंकर निवासी हरदोई, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। हरिशंकर पिछले कुछ समय से लिवान गांव में रहकर काम कर रहा था।
जानकारी के अनुसार गांव की एक कंपनी में कार्यरत युवक का किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। बताया जा रहा है कि हरिशंकर ने कंपनी में कार्यरत गांव के उसी युवक का पक्ष लिया था, इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के लोग रंजिश रखने लगे। आरोप है कि कंपनी से घर पहुंचने के बाद हमलावर लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे और झगड़ा शुरू कर दिया। झगड़े के दौरान बीच-बचाव करने आए हरिशंकर पर हमलावरों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने हरिशंकर पर लाठियों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस झगड़े में चार अन्य युवक भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सोनीपत लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। रोहतक पीजीआई में घायलों का इलाज जारी है। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सोनीपत भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।