Ujjain Hanuman Temple: उज्जैन के व्यस्त बड़ा सराफा बाजार में सड़क चौड़ीकरण के बीच 8 फीट ऊंची खड़े हनुमान की प्रतिमा लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। जिस मंदिर में यह प्रतिमा वर्षों से स्थापित थी, उसका ढांचा तो प्रशासन ने हटा दिया है, लेकिन प्रतिमा अब भी अपनी जगह पर खड़ी है। अधिकारियों ने साफ किया है कि प्रतिमा को हटाने या मशीन से उठाने की अब तक कोई कोशिश नहीं की गई है। कांठल से गोपाल मंदिर तक करीब 450 मीटर लंबी सड़क को सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत 9 मीटर से बढ़ाकर 15 मीटर किया जाना है। इस मार्ग पर चार धार्मिक स्थल हैं। प्रशासन के मुताबिक सभी से स्थानांतरण को लेकर सहमति बनी है। गणेश मंदिर को पहले ही दूसरी जगह स्थानांतरित किया जा चुका है।
अंतिम आरती के बाद कार्रवाई
खड़े हनुमान मंदिर का मुख्य ढांचा, सीमा दीवार और शिखर भी हटा दिए गए हैं। मंदिर के पुजारी और स्थानीय हिंदू संगठनों की मौजूदगी में अंतिम आरती के बाद यह कार्रवाई की गई। प्रशासन ने प्रतिमा के लिए छत्री चौक के पास पुराने पानी के टैंक के नजदीक नई जगह तय की है। वहां नया चबूतरा भी तैयार किया जा रहा है।
तकनीकी जांच कराएगा प्रशासन
हालांकि, प्रतिमा को हटाने से पहले प्रशासन अब तकनीकी जांच कराएगा। अतिरिक्त नगर निगम आयुक्त संतोष टैगोर ने बताया कि SGSITS इंदौर और IIT के विशेषज्ञों की टीम को बुलाया जा रहा है। विशेषज्ञ यह पता लगाएंगे कि प्रतिमा के नीचे किस तरह की संरचना है और उसे सुरक्षित तरीके से कैसे हटाया जा सकता है।
जमीन की स्कैनिंग भी कराई जा सकती है
एक संभावना यह भी जताई जा रही है कि प्रतिमा के नीचे पुराने समय की इंटरलॉकिंग तकनीक से पत्थरों की संरचना बनी हो सकती है। ऐसे में प्रतिमा केवल ऊपर से रखी हुई नहीं, बल्कि जमीन के नीचे मौजूद बड़े ढांचे से जुड़ी हो सकती है। इसके लिए जमीन की स्कैनिंग भी कराई जा सकती है।
Also read: इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में 50 फिसदी की बढ़ोतरी, सरकार किया ऐलान; खत्म हुई हड़ताल