
Haryana News: हरियाणा के नारनौल के निजामपुर थाना क्षेत्र के गांव तलोट में आपसी रंजिश के चलते हुए झगड़े में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वहीं बीच-बचाव करने आई उसकी मां भी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना सोमवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान हरिश निवासी गांव तलोट के रूप में हुई है।
मृतक की मां विद्या देवी पत्नी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 2 फरवरी की रात वह अपने मकान के अंदर थी, जबकि उसका बेटा हरिश घर के सामने आग जलाकर बैठा हुआ था। इसी दौरान उसे बाहर झगड़े की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो एक ही परिवार के सदस्य उसके अविवाहित बेटे हरीश को लाठी-डंडों से पीट रहे थे। जिनमें सुनील, अनूप (दोनों पुत्र सत्यनारायण), सत्यनारायण, निशा, कांता व अनूप की पत्नी शामिल हैं। विद्या देवी ने आरोप लगाया कि जब वह अपने बेटे को छुड़ाने आगे बढ़ी तो सत्यनारायण ने उसके मुंह पर डंडे से वार किया। शोर मचाने पर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी, जिस पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और मां-बेटे दोनों को सरकारी अस्पताल नारनौल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने हरिश को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर थाना निजामपुर पुलिस हरकत में आई। अस्पताल में मौजूद एचसी प्रदीप व अन्य पुलिस कर्मियों ने घायल विद्या देवी की एमएलआर और मृतक हरिश का रुक्का लिया। ड्यूटी पर तैनात एएसआई ने डॉक्टर से राय लेकर विद्या देवी के बयान लिए। रिपोर्ट में विद्या देवी को ब्लंट हथियार से चोट लगने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने शिकायत, एमएलआर व अन्य साक्ष्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(3), 190, 115 व 103 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जांच में जुटी पुलिस
मामले की जांच एएसआई राकेश द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वही इस बारे में डीएसपी भारत भूषण का कहना है कि छह लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Leave a comment