Haryana News: सांसद दीपेंद्र हुड्डा आज नारनौंद हलके में बास ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि कहीं वोट चोरी, कहीं सांसद चोरी, कहीं विधायक चोरी हो रही है और हरियाणा में तो पूरी की पूरी सरकार ही चुरा ली गई। चुनाव के 2 दिन बाद 7% वोट कैसे बढ़ गए? इसका जवाब आज तक कोई नहीं दे पाया। BJP ने चुनाव आयोग से मिलीभगत कर हरियाणा में सत्ता चोरी की है। हरियाणा में हम लगातार कहते रहे कि वोट चोरी की बड़ी साजिश को अंजाम देकर बीजेपी ने सरकार बनायी है। संविधान प्रदत्त जनता के मताधिकार से खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं है। चुनाव आयोग, भाजपा आयोग बन गया है। उन्होंने कहा कि जब जनभावना को साजिश और षड्यन्त्र से हराया जाए तो अगली बार जनता लंबा हिसाब करती है। उन्होंने कहा कि 3 में से 2 चुनाव आयुक्तों के रहस्योद्घाटन के बाद स्पष्ट हो गया है कि बीजेपी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मिलीभगत करके हरियाणा चुनावों में बड़े स्तर पर धांधली कराई। अगर हरियाणा विधानसभा को भंग करके प्रदेश में दोबारा चुनाव नहीं कराए गए तो चुनाव प्रणाली पर से जनता का विश्वास खत्म हो जाएगा। दीपेन्द्र हुड्डा ने मांग करी कि CEC ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें और प्रधानमंत्री इस पर जवाब दें।
दीपेंद्र हुड्डा ने आगे कहा कि 12 साल में बीजेपी सरकार ने हरियाणा का काफी नुकसान कर दिया। उन्होंने प्रदेश के विकास के लिये कई बड़े महत्वपूर्ण और प्रोजेक्ट मंजूर करवाए थे, जिन्हें या तो बंद कर दिया गया या फिर उन्हें हरियाणा से निकालकर अन्य प्रदेशों में भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि काफी प्रयासों के बाद इस इलाके में अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट मंजूर कराया था वो उठाकर उत्तर प्रदेश के जेवर में ले गए और हरियाणा सरकार इसका कोई विरोध तक नहीं कर पायी।
सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री पंजाब में वायदा कर रहे हैं कि पंजाब में सारी फसलें एमएसपी पर खरीदवाएंगे। जबकि हरियाणा की मंडियों में बाजरा आ गया और बाजरे की एमएसपी 2900 है लेकिन किसानों को सिर्फ 1900 मिल रहा है। 1000 रुपये का कट आ रहा है। इन्होंने तीन सीजन पहले कहा था PR किस्म का धान का रेट 3100 दिलवाएंगे। हरियाणा में धान मंडी में आ गया है। अगर मुख्यमंत्री की बातों में दम है तो इसी सीजन में हरियाणा के किसानों को PR धान का ₹3100 प्रति क्विंटल का भाव दिलाएं। अगर ₹3100 नहीं दे सकते तो कम से कम तय MSP ₹2400 पर तो बिना किसी कट के धान की खरीद करवा दो। 300-500 के कट लग रहे हैं, MSP मिलना तो दूर कुरुक्षेत्र में किसानों पर लाठीचार्ज हो रहा है। उन्होंने मांग करी कि मुख्यमंत्री हरियाणा में किसानों को धान का ₹3100 प्रति क्विंटल का भाव दिलाएं या जवाब दें।
उन्होंने कहा कि जबसे उन्होंने कॉमनवेल्थ खेल हरियाणा में करवाने की मांग उठाई तो बीजेपी और बीजेपी की पिट्ठू इनेलो और जेजेपी मेरे पीछे पड़ गई। दीपेन्द्र हुड्डा ने सवाल किया कि क्या उन्होंने कोई गलत मांग उठाई? उन्होंने कहा कि कॉमनवेल्थ के लिए लाखों-करोड़ का बजट खर्च होगा, खेल स्टेडियम बनेंगे तो ऐसी जगह बनें जहाँ से खिलाड़ी आते हैं, ताकि भारत माता के लिए ज्यादा मेडल जीतकर लाएँ। बुलेट ट्रेन कॉमनवेल्थ खेल, क्रिकेट वर्ल्ड कप का फाइनल, वर्ल्ड पुलिस खेल, ओलंपिक, डिफेन्स यूनिवर्सिटी समेत हर चीज गुजरात में ही क्यों? सरकार को राजधर्म निभाना चाहिए, राज्य धर्म नहीं। शाहाबाद में हॉकी स्टेडियम बने, कुश्ती का अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम सोनीपत, रोहतक में बने, बॉक्सिंग का भिवानी में बने, एथलेटिक्स, जैवलिन का अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पानीपत या करनाल में बने। उन्होंने कहा कि जब देश के कुल मेडल में से आधे से ज्यादा मेडल हरियाणा के खिलाड़ी लेकर आ रहे तो स्टेडियम यहाँ बनने चाहिए।
दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार का रिपोर्ट कार्ड ये है कि साढ़े 12 साल बाद देश का नौजवान सड़कों पर आ गया। बीजेपी सरकार ने अगली पीढ़ी का भविष्य बिगाड़ दिया। नौजवान सड़कों पर उतरकर पूछने लगे कि उनका भविष्य चौपट क्यों हो गया? देश में रोजगार क्यों नहीं है? देश की शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा व्यवस्था चौपट क्यों हो गई? युवाओं का भविष्य अंधकार में क्यों दिखाई दे रहा है? जिस बेरहमी से सरकार ने किसान की आवाज कुचलने की साजिश रची, उसी बेरहमी से इन नौजवानों की भी आवाज कुचलने की साजिश रच दी गई। पुलिस ने जंतर मंतर पर बच्चों के साथ बर्बरता की, उन पर लाठियां, आंसू गैस के गोले, पैलेट गन चलवाए, बिहार में AK-47 से गोलियां दागी। जब युवा पीछे नहीं हटे तब जाकर उन लोगों ने जो कहते थे, "हमारी सरकार में किसी के इस्तीफे नहीं होते", शिक्षा मंत्री का इस्तीफा करवाया। बीजेपी का 12 साल का रिपोर्ट कार्ड ये है कि वो दुनिया की सबसे अमीर पार्टी बन गई। आलीशान दफ़्तर, हज़ारों करोड़ बैंक बैलेंस, बीजेपी के पास घोषित रूप से 15,000 करोड़ हैं तो अघोषित रूप से कितना होगा इसका कोई अंदाजा नहीं है। बीजेपी ने छोटी-छोटी शेल पार्टियां बना दी, जिनको हज़ारों करोड़ दिलवा रखे हैं, जिनका कोई उम्मीदवार नहीं होता लेकिन इलेक्शन में पैसा खर्च करते हैं।
उन्होंने कहा कि बीजेपी ने चुनाव के समय वादा किया था कि जिस दिन सरकार बनेगी, बड़े-बुजुर्गों को 6000 रुपये बुढ़ापा पेंशन, हर महिला को 3100 हर महीने देने, 500 रुपये में गैस सिलेंडर, 36 बिरादरी के गरीब, एससी, बीसी परवारों को हुड्डा सरकार की तरह 100-100 गज के प्लॉट की स्कीम दोबारा शुरू करने, पौने दो लाख HKRN के एंप्लॉई को पक्का करने का वादा किया था। बीजेपी ने खेल-खिलाड़ियों का मान-सम्मान, कानून व्यवस्था बहाल करने, हरियाणा से अपराधियों को भगाने, युवाओं को रोजगार देने का वादा किया लेकिन HPSC, HSSC लिस्ट में हरियाणा से ज्यादा हरियाणा के बाहर के बच्चों को लगाया जा रहा है। क्योंकि बीजेपी को हरियाणा वालों की कोई चिंता नहीं। और तो और नायब सिंह जी हरियाणा आकर कहते हैं कि "मेरे कहने से तो दो चपरासियों की बदली भी नहीं हो रही"।
सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा जो हरियाणा 2014 से पहले विकास के मामले में देश में सबसे आगे प्रदेशों में गिना जाता था, प्रति व्यक्ति आय, विकास दर, प्रति व्यक्ति निवेश में देश में नंबर एक थे। गुजरात से तीन गुना अधिक निवेश हरियाणा में आता था। खेल-खिलाड़ियों के मान-सम्मान में, किसान के हितों की नीतियों में चाहे किसानों का 1600 करोड़ बिजली बिल माफ करना हो या कोऑपरेटिव कर्ज माफी की बात हो; चाहे बिजली के स्लैब सिस्टम को लागू करने की बात हो या फसलों का उचित भाव देने की बात हो, गन्ने का सबसे ज्यादा भाव देने में हरियाणा का नाम था। कांग्रेस सरकार की गरीब कल्याण नीतियों ने 100-100 गज के मुफ़्त प्लॉट दिए, पीने के पानी की टंकी-टोंटी की व्यवस्था की, वजीफे दिलवाए, आपस में अमन-चैन, भाईचारे में देश में सबसे आगे हरियाणा का नाम लिया जाता था। आज वो हरियाणा देश में बेरोजगारी, नशे, विदेशों में पलायन, अपराध, भ्रष्टाचार में नंबर वन है। 12 साल में हरियाणा विकास में तो 16वें , कभी 18वें नंबर पर पहुँच गया और बेरोज़गारी में नंबर एक पर पहुँच गया, बीजेपी ने युवाओं को कहा था कि रोज़गार दिलवाएँगे। लेकिन हरियाणा के अंदर भर्ती लिस्ट में हरियाणा से ज्यादा हरियाणा के बाहर बच्चे लगते हैं। 28 प्रदेशों में हरियाणा अकेला प्रदेश है, जहाँ HPSC चेयरमैन भी बाहर से हैं, हरियाणा के नहीं हैं। हरियाणा में जनभावना से नहीं जुगाड़ से सरकार चल रही है।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से सांसद जय प्रकाश 'जेपी' विधायक जस्सी पेटवाड़, विधायक नरेश सेलवाल, विधायक चंद्र प्रकाश, विधायक बलराम दाँगी, राहुल मक्कड़, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राकेश खरब, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप डाटा, राजेन्द्र सूरा, शिल्पा जस्सी पेटवाड़, तेलुराम जांगड़ा, सुमन शर्मा, कुलवन्त मोर, पवन गोयल, अशोक मलिक, तेजबीर पूनिया, नरेंद्र गागड़वास, रणदीप लोहान, रतन बड़गुर्जर, राजेश ओद समेत युवा कांग्रेस, सेवादल, महिला कांग्रेस, NSUI के पदाधिकारी, स्थानीय नेता, कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Also read: Asian Games 2026: हरियाणा की बेटियों ने बढ़ाया देश का मान, खेल मंत्री ने किया हौसला अफजाई