Haryana News: हरियाणा के कैथल सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में सैर पर निकली 15 साल की किशोरी से शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे बाइक सवार 3 युवकों ने रास्ता रोक अभद्र व्यवहार किया और बेड टच करते हुए छेड़छाड़ की। पुलिस ने छात्रा के पिता की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी 15 साल की नाबालिग बेटी गांव के एक स्कूल में 10वीं कक्षा की छात्रा है।
वह रोजाना सुबह सैर के लिए जाती है। शनिवार सुबह भी वह करीब 5:30 बजे सैर पर निकली थी। इसी दौरान बाइक पर आए तीन अज्ञात युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने छात्रा के साथ अभद्र इशारे किए और बेड टच भी किया। छात्रा के विरोध कर शोर मचाने पर तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
जांच में जुटी पुलिस
घर पहुंचकर छात्रा ने पूरी घटना परिजनों को बताई, जिसके बाद उसके पिता ने सदर थाना में शिकायत दी। जांच अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।