Haryana News: हरियाणा के इंद्री क्षेत्र के गांव रामपुरा मोड़ के समीप गढ़ीबीरबल रोड पर बुधवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और चारों घायलों को उपचार के लिए इंद्री के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन घायलों का उपचार शुरू किया गया। इनमें से एक घायल की हालत नाजुक होने पर उसे इलाज के लिए करनाल स्थित कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। शेष दो घायलों का इलाज इंद्री के नागरिक अस्पताल में चल रहा है।
एसआई राजा राम ने बताया कि रामनगर डेरा मोड़ के निकट गढ़ीबीरबल रोड पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हुई थी। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि मृतक और घायल को करनाल रेफर किए गए घायल की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। वहीं, इंद्री अस्पताल में उपचाराधीन दो घायल गांव मुसेपुर के निवासी बताए जा रहे हैं।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच की जा रही है।