Haryana News: हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने युवाओं से सिंगल यूज प्लास्टिक का पूरी तरह बहिष्कार करने का आह्वान किया। प्लास्टिक प्रदूषण पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। ऐसे में युवा कपड़े के थैले तथा अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाकर इस अभियान का नेतृत्व करें।
राव नरबीर सिंह ने गुरुग्राम में पर्यावरण संरक्षण एवं नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का नशामुक्त भारत और विकसित भारत संबोधन भी सुना। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव लाए तो देश को स्वच्छ, स्वस्थ और प्रदूषण मुक्त बनाने का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।
राव नरबीर सिंह ने कहा कि गुरुग्राम राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) का महत्वपूर्ण जिला है और यहां के पर्यावरण को सुरक्षित रखना हम सभी की नैतिक एवं सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम पौधारोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और केवल पौधा लगाने तक ही सीमित न रहे, बल्कि उसकी कम से कम पांच वर्षों तक देखभाल भी सुनिश्चित करे। तभी वह पौधा एक मजबूत वृक्ष बनकर आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित पर्यावरण प्रदान कर सकेगा।
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि भारत युवाओं का देश है, जहां लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है। ऐसे में विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की जिम्मेदारी सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि आज कुछ युवा गलत संगत और भटकाव के कारण नशे के चंगुल में फंस रहे हैं, जो न केवल उनके भविष्य बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए भी चिंता का विषय है। हम सभी का दायित्व है कि ऐसे युवाओं को इस दलदल से बाहर निकालें। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों व अन्य साथियों को भी नशे की लत से बाहर निकालने के लिए प्रेरित करें।