Search KhabarFast

Press ESC to close

हरियाणा के भिवानी में दर्दनाक हादसा, कार की टक्कर से उजड़ा परिवार; पत्नी की मौत, पति हिसार रेफर

हरियाणा के भिवानी में दर्दनाक हादसा, कार की टक्कर से उजड़ा परिवार; पत्नी की मौत, पति हिसार रेफर

Haryana News: हरियाणा के भिवानी में तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार दंपती को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 33 वर्षीय महिला सोनिया की मौत हो गई, जबकि उसका पति हितेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए हिसार रेफर किया गया है। हादसे के बाद कार चालक गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और आरोपी कार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, सोनिया अपने पति हितेश के साथ मंदिर में धोक लगाकर एक्टिवा पर सवार होकर घर लौट रही थी। इसी दौरान पीछे से राजस्थान नंबर की एक तेज रफ्तार कार आई और एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दंपती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक करीब 200 मीटर आगे जाकर यू-टर्न लेकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन कार आगे नहीं बढ़ पाई। इसके बाद कार में सवार करीब तीन लोग गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गए। परिजनों का आरोप है कि कार में शराब और नमकीन आदि के पैकेट तथा गिलास भी मिले हैं।

हादसे में जान गंवाने वाली सोनिया की उम्र 33 वर्ष थी, जबकि उसके पति हितेश की उम्र करीब 37 से 38 वर्ष है। हितेश ट्रांसपोर्ट के क्षेत्र में प्राइवेट नौकरी करते हैं। इस हादसे ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। मृतका के पीछे तीन बच्चे हैं, जिनमें 13 साल की एक बेटी, 11 साल की दूसरी बेटी और 7 साल का एक बेटा है। मां की मौत और पिता के गंभीर रूप से घायल होने के बाद तीनों बच्चों के सामने भविष्य को लेकर संकट खड़ा हो गया है।

परिजनों ने बताया कि परिवार के लिए यह बेहद मुश्किल घड़ी है। बच्चों के पिता हिसार में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं, जबकि उनकी मां की हादसे में मौत हो चुकी है। परिवार ने प्रशासन से बच्चों के भविष्य को देखते हुए अधिक से अधिक आर्थिक सहायता देने और हादसे के जिम्मेदार कार चालक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

जांच अधिकारी एसआई सीताराम ने बताया कि रात को कार द्वारा एक्टिवा सवार दंपती को टक्कर मारने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस कार्रवाई के लिए पहुंची। एमके अस्पताल से महिला की मौत की सूचना मिली, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल होने के कारण हिसार रेफर किया गया है। घायल हितेश अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके भाई मुकेश कुमार के बयान पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। हादसे के बाद कार चालक गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने परिजनों के बयान पर मामला दर्ज कर कार को कब्जे में ले लिया है। अब देखना होगा कि पुलिस फरार कार चालक और उसके साथियों को कब तक गिरफ्तार करती है। वहीं, इस हादसे ने तीन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया छीन लिया है। परिवार प्रशासन से आर्थिक मदद की उम्मीद लगाए बैठा है।

Leave Your Comments



संबंधित समाचार

Haryana News: हरियाणा में विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, टेंडर प्रक्रिया के लिए अलग कॉरपोरेशन बनाने की तैयारी, CM सैनी का निर्देश

Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि महत्वपूर्ण विकास कार्यों की टेंडर प्रक्रिया को तेजी से सिरे चढ़ाने के लिए सिंगापुर की तर्ज पर अलग से कॉरपोरेशन बनाया जाए जो सभी विभागों के बड़े व महत्वपूर्ण टेंडरों की प्रक्रिया को बिना देरी पूरा करवाए। इससे विकास कार्यों में तेजी आएगी और बजट का समुचित इस्तेमाल सुनिश्चित हो सकेगा।

Haryana News: दिल्ली से सटे हरियाणा के इन इलाकों में ग्रैप-3 की पाबंदियां लागू, 4 FIR दर्ज

Haryana News: देश की राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा के बहादुरगढ़ और झज्जर क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे वायु प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के लिए हरियाणा स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने सख्ती बढ़ा दी है। क्षेत्र में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप)-3 की पाबंदियां लागू होने के बाद प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। बोर्ड और संबंधित विभागों की ओर से नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी शिकंजा कसते हुए पिछले एक महीने में कुल 4 एफआईआर दर्ज करवाई गई हैं।

लाइव अपडेट

बड़ी खबरें

Khabar Fast