Haryana News: हरियाणा के अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जीआरपी थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 36 किलो चूरा पोस्त बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के रहने वाले हैं और लुधियाना जाने की फिराक में थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां एक आरोपी को जेल भेज दिया गया, जबकि दूसरे को रिमांड पर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, अंबाला छावनी जीआरपी थाना पुलिस की टीम एसआई धर्मबीर सिंह के नेतृत्व में गश्त कर रही थी। इसी दौरान जब पुलिस टीम प्लेटफार्म नंबर-1 पर पहुंची तो उन्हें सूचना मिली कि दो युवक रेलवे स्टेशन पर मौजूद हैं, जो लुधियाना जाने की तैयारी में हैं और उनके पास बैग में नशीला पदार्थ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्धों को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उनके बैग से 36 किलो चूरा पोस्त बरामद हुआ।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के गोंडा निवासी मंजेश तिवारी और रंजीत गिरी के रूप में की है। मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को जेल भेज दिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।