Delhi Metro:दिल्ली मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। DMRC ने गोल्डन लाइन के लाजपत नगर से साकेत जी ब्लॉक कॉरिडोर पर 8 एलिवेटेड स्टेशन बनाने का टेंडर आवंटित कर दिया है। करीब 8.385 किलोमीटर लंबे इस रूट को जून 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके शुरू होने से दक्षिणी दिल्ली के लोगों को बेहतर मेट्रो कनेक्टिविटी मिलेगी और सड़क पर ट्रैफिक का दबाव भी कम हो सकता है।
इस कॉरिडोर पर लाजपत नगर, एंड्रयूज गंज, ग्रेटर कैलाश-1, चिराग दिल्ली, पुष्पा भवन, पुष्प विहार, साकेत डिस्ट्रिक्ट सेंटर और साकेत जी ब्लॉक समेत 8 स्टेशन बनाए जाएंगे। इससे दक्षिणी दिल्ली के कई ऐसे इलाकों को सीधी मेट्रो सुविधा मिलेगी, जहां के लोगों को अभी स्टेशन तक पहुंचने के लिए बस, ऑटो या निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता है।
तीन इंटरचेंज स्टेशन होंगे खास
गोल्डन लाइन पर लाजपत नगर, चिराग दिल्ली और साकेत जी ब्लॉक तीन प्रमुख इंटरचेंज स्टेशन होंगे। लाजपत नगर पर पिंक और वायलेट लाइन, चिराग दिल्ली पर मैजेंटा लाइन और साकेत जी ब्लॉक पर एयरोसिटी-तुगलकाबाद कॉरिडोर से कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे नोएडा, फरीदाबाद, गुरुग्राम और एयरपोर्ट की ओर जाना आसान होगा।
चलेगी तीन कोच वाली मिनी मेट्रो
इस रूट की खासियत तीन कोच वाली मेट्रो ट्रेन होगी। एक ट्रेन में करीब 900 यात्रियों के सफर करने की क्षमता होगी। DMRC के अनुमान के मुताबिक, शुरुआत में रोजाना 60 से 80 हजार यात्री इस लाइन का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं, 2041 तक यात्रियों की संख्या 1.2 लाख प्रतिदिन पहुंचने का अनुमान है। स्टेशन निर्माण के लिए 137.92 करोड़ रुपये का टेंडर दिया गया है और काम पूरा करने के लिए 22 महीने का लक्ष्य रखा गया है।
Also read: अग्निवीर 4 साल बाद कर सकेंगे शादी! दूसरे कार्यकाल में मिलेगी छूट, जानिए क्या हैं नए नियम