Bihar News: बिहार की राजधानी पटना में गुरुवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महागठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन बिहार विधानसभा के सामने सचिवालय थाना क्षेत्र में किया गया। सुबह करीब 9:45 बजे से ही बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी मौके पर जुटने लगे थे। तेजस्वी यादव के पहुंचते ही प्रदर्शन और तेज हो गया। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेड लगाए थे। जब तेजस्वी यादव आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे तो वह बैरिकेड पर ही चढ़ गए। यह नजारा कुछ हद तक दिल्ली में राहुल गांधी के बैरिकेड पर चढ़ने जैसा दिखाई दिया। हालांकि तेजस्वी यादव बैरिकेड पर आगे नहीं चल सके और बाद में नीचे उतर गए।
विधायकों का दिखा अलग-अलग अंदाज
प्रदर्शन के दौरान कई विधायकों और पूर्व विधायकों का अलग-अलग अंदाज भी देखने को मिला। एक वामपंथी पूर्व विधायक मीडिया कैमरों के सामने काफी देर तक जमीन पर बेसुध पड़े नजर आए। मौके पर राजद और महागठबंधन के नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। तेजस्वी यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग ने भारतीय जनता पार्टी के दबाव में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के नाम पर वोट चोरी की। तेजस्वी यादव ने कहा कि विपक्ष लगातार इस मुद्दे को उठा रहा है, लेकिन इसे रोकने के लिए जरूरी कदम नहीं उठाए गए।
क्यों हो रहा विरोध प्रदर्शन?
महागठबंधन नेताओं का कहना है कि मतदाता सूची में गड़बड़ी के मुद्दे को लेकर पूरे बिहार में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। पटना में हुआ प्रदर्शन भी इसी अभियान की अगली कड़ी है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की थी और स्थिति पर नजर बनाए रखी।
Also read: पटना में विकसित भारत संकल्प सभा, CM सम्राट चौधरी ने सेवा ज्योति यात्रा को दिखाई हरी झंडी