Elon Muak Warns America:अमेरिका के अरबपति कारोबारी और टेस्ला-स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने अमेरिकी राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। मस्क ने चेतावनी दी है कि अगर 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी प्रतिनिधि सभा, सीनेट और राष्ट्रपति पद तीनों पर जीत हासिल कर लेती है, तो अमेरिका में लोकतंत्र का स्वरूप बदल सकता है। उन्होंने इसे अमेरिका के लिए 'गेम ओवर' जैसी स्थिति बताया है।
मस्क का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका में 3 नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनाव (Midterm Elections) को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए रिपब्लिकन पार्टी के मतदाताओं से सीनेट में अपनी पार्टी की सीटें बचाने की अपील भी की है। 
एलन मस्क ने क्यों दी अमेरिका को लेकर चेतावनी?
एलन मस्क ने अपनी पोस्ट में तीन संभावित बदलावों का जिक्र किया है, जिन्हें लेकर उन्होंने चिंता जताई है। उनका दावा है कि अगर डेमोक्रेट्स को 2028 में तीनों प्रमुख संस्थाओं में बहुमत मिल जाता है, तो वे अमेरिकी राजनीतिक व्यवस्था में बड़े बदलाव कर सकते हैं।
मस्क ने गिनाए ये तीन बड़े खतरे
1. वॉशिंगटन DC और प्यूर्टो रिको को राज्य का दर्जा: मस्क का दावा है कि डेमोक्रेट्स वॉशिंगटन DC और प्यूर्टो रिको को अमेरिकी राज्य का दर्जा दे सकते हैं। इससे सीनेट में डेमोक्रेटिक पार्टी की ताकत बढ़ सकती है।
2. अवैध प्रवासियों को नागरिकता देने की योजना: मस्क ने आरोप लगाया कि डेमोक्रेट्स अमेरिका की सीमाएं खोलकर वहां अवैध रूप से रह रहे लोगों को कानूनी दर्जा दे सकते हैं। उनके मुताबिक, इससे पार्टी को लंबे समय तक राजनीतिक फायदा मिल सकता है।
3. सुप्रीम कोर्ट के जजों की संख्या बढ़ाना: मस्क ने तीसरी आशंका जताई कि डेमोक्रेट्स सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या बढ़ाकर तत्काल बहुमत हासिल करने की कोशिश कर सकते हैं।
रिपब्लिकन पार्टी के समर्थन में क्या बोले मस्क?
एलन मस्क ने अपनी पोस्ट में रिपब्लिकन पार्टी के समर्थन की अपील करते हुए कहा कि इस स्थिति को रोकने के लिए 2029 में सीनेट में रिपब्लिकन पार्टी के कम से कम 51 सदस्य होने चाहिए। उन्होंने मतदाताओं से इस चुनाव में रिपब्लिकन सीनेटरों को वोट देने की अपील की।
Also read: 'मौत की सजा हो या गिरफ्तारी...',बांग्लादेश की पूर्व PM शेख हसीना लौटने को तैयार; खतरे की नहीं परवाह