Delivery Partner Job: भारत में गिग इकोनॉमी तेजी से बढ़ रही है। खासकर 10 से 15 मिनट में सामान पहुंचाने वाले क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म जैसे Zepto, Swiggy और Blinkit युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हो रहे हैं। इन प्लेटफॉर्म पर डिलीवरी पार्टनर बनकर कमाई करने के लिए आमतौर पर स्मार्टफोन और वाहन की जरूरत होती है। लेकिन अगर आपके पास अपनी बाइक या स्कूटी नहीं है, तब भी इस काम की शुरुआत की जा सकती है।
साइकिल से भी कर सकते हैं डिलीवरी
बिना पेट्रोल वाली बाइक के डिलीवरी करने का सबसे आसान तरीका साइकिल या ई-साइकिल है। कई जगहों पर साधारण साइकिल से भी ऑर्डर डिलीवर किए जा सकते हैं। इलेक्ट्रिक साइकिल का विकल्प भी उपलब्ध है, जिससे लंबी दूरी तय करना अपेक्षाकृत आसान हो सकता है। कुछ कंपनियां अपने डिलीवरी पार्टनर्स को साइकिल या ई-साइकिल उपलब्ध कराने की सुविधा भी देती हैं। उदाहरण के तौर पर, Zepto से जुड़ी जानकारी के मुताबिक साइकिल के सामान्य रखरखाव की जिम्मेदारी राइडर की हो सकती है, जबकि मोटर या गियर से जुड़ी बड़ी मैकेनिकल खराबी का खर्च कंपनी की शर्तों के अनुसार कंपनी उठा सकती है।
किराए पर ले सकते हैं ई-बाइक
अगर आप साइकिल की जगह ई-बाइक या बाइक से डिलीवरी करना चाहते हैं, लेकिन आपके पास अपना वाहन नहीं है तो किराए का विकल्प भी मौजूद है। Swiggy जैसे प्लेटफॉर्म कुछ मामलों में डिलीवरी पार्टनर्स को थर्ड-पार्टी वेंडर्स से जोड़ते हैं, जहां से ई-बाइक या साइकिल किराए पर ली जा सकती है। इसके लिए डिलीवरी पार्टनर अपने नजदीकी ऑन-बोर्डिंग सेंटर से जानकारी ले सकते हैं। हालांकि, किराए का वाहन लेने पर अलग से किराया या दूसरी शर्तें लागू हो सकती हैं।
साइकिल वालों को कुछ दस्तावेजों से राहत
अगर कोई व्यक्ति साइकिल से डिलीवरी करता है तो मोटर वाहन से जुड़े कुछ दस्तावेजों की जरूरत नहीं पड़ती। ऐसे पार्टनर्स को आमतौर पर ड्राइविंग लाइसेंस, व्हीकल रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट और पॉल्यूशन सर्टिफिकेट जमा करने की जरूरत नहीं होती। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि बिना किसी दस्तावेज के काम शुरू किया जा सकता है। स्मार्टफोन, बेसिक KYC, ऑन-बोर्डिंग प्रक्रिया और डिलीवरी किट से जुड़े नियम कंपनी के अनुसार लागू रह सकते हैं। इस तरह अपनी बाइक या स्कूटी न होने पर भी साइकिल, ई-साइकिल या किराए के वाहन के जरिए डिलीवरी पार्टनर के तौर पर काम शुरू किया जा सकता है।
Also read: Kal Ka Mausam 23 Sep: मानसून की विदाई से पहले झमाझम बरसेंगे बादल, UP-बिहार समेत इन राज्यों के लिए अलर्ट; IMD से जानें कल का मौसम