Delhi News: दिल्ली के खजूरी खास इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां ट्रक और स्कूटी की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही इस हादसे की जांच में जुट गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, रात करीब 11:55 बजे हादसे की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां दो लोग गंभीर रूप से घायल मिले। मृतकों की पहचान पक्की खजूरी निवासी 30 वर्षीय संतोष और खजूरी खास की गली नंबर 24 निवासी 33 वर्षीय पवन के रूप में हुई है।
घायलों में से एक को उसके परिजन JPC अस्पताल लेकर पहुंचे, जबकि दूसरे को पुलिसकर्मियों ने अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए GTB अस्पताल भेज दिया गया।
हादसे की जांच के लिए फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी सबूत जुटाए। पुलिस ने मौके से कंक्रीट मिक्सर ट्रक बरामद कर लिया है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस फरार ड्राइवर की तलाश के साथ हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
इससे पहले 17 अक्टूबर को दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में DBG रोड पर DTC बस ने कई लोगों को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। चश्मदीदों के मुताबिक, बस एक महिला चला रही थी। हादसे के बाद एक स्कूटी बस के नीचे फंस गई थी। उस मामले में भी बस चालक की पहचान और तलाश की बात सामने आई थी।