Delhi Road Accident: राजधानी दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सोनू के रूप में हुई है, जो इंदिरा कॉलोनी, पंजाबी बाग का रहने वाला था। हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 7 बजकर 23 मिनट पर सड़क हादसे को लेकर PCR कॉल मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक DTC बस की चपेट में आने से बाइक सवार सोनू की मौत हो गई। मृतक सोनू इंदिरा कॉलोनी, पंजाबी बाग में अपने परिवार के साथ झुग्गी में रहता था। हादसे की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस हादसे में शामिल DTC बस की पहचान करने और उसके चालक का पता लगाने के लिए इलाके की CCTV फुटेज खंगाल रही है। जांच के जरिए हादसे से जुड़े तथ्यों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बस और चालक की पहचान के संबंध में आगे की जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।