Delhi News: राजधानी दिल्ली के गीता कॉलोनी इलाके में यमुना नदी में चार युवकों के डूबने की दर्दनाक घटना सामने आई है। हादसे के बाद पुलिस, गोताखोरों और राहत-बचाव टीमों ने मौके पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। अब तक एक युवक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि तीन अन्य की तलाश लगातार जारी है।
मृतक युवक के पड़ोसी और परिजनों के अनुसार, सभी युवक बारिश के बावजूद यमुना नदी में नहाने के लिए गए थे। स्थानीय निवासी उर्मिला ने बताया कि उनका बेटा सचिन सोमवार शाम करीब 4:30 बजे ड्यूटी से घर लौटा था। इसके कुछ देर बाद वह फैक्ट्री में काम करने वाले अपने दोस्तों के साथ घर से निकल गया। उर्मिला ने बारिश और नदी के बढ़े जलस्तर को देखते हुए उसे जाने से मना किया, लेकिन सचिन ने किसी जरूरी काम का हवाला देकर घर छोड़ दिया।
शराब पीकर यमुना नहाने गए थे युवक
परिजनों का आरोप है कि युवक पहले शराब पी रहे थे और उसके बाद यमुना नदी में उतर गए। इसी दौरान तेज बहाव में चारों युवक डूब गए। इनमें से पड़ोसी सोनू का शव बरामद हो चुका है, जबकि सचिन और दो अन्य युवक अब भी लापता हैं।
पुलिस ने लोगों से की अपील
घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है। पुलिस, दमकल विभाग और गोताखोरों की टीम लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। अधिकारियों का कहना है कि लापता युवकों की तलाश जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से बारिश के मौसम में उफनती नदियों और जलाशयों से दूर रहने की अपील भी की है।